Lakshmi Panchami 2026: जीवन में सुख-समृद्धि और भौतिक सुविधाओं को पाने के लिए धन का होना बहुत जरूरी माना जाता है। इसी धन की अधिष्ठात्री देवी मां लक्ष्मी को समर्पित पावन व्रत आज चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को रखा जाता है। सनातन परंपरा में इस तिथि को लक्ष्मी पंचमी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार नवरात्रि के दौरान आने वाले इस विशेष दिन पर यदि मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा, व्रत और उनसे जुड़े कुछ सरल उपाय किए जाएं तो पूरे साल देवी की कृपा बनी रहती है। आइए जानते हैं लक्ष्मी पंचमी की पूजा विधि और इससे जुड़े महत्वपूर्ण उपाय।

Lakshmi Panchami 2026: लक्ष्मी पंचमी व्रत की पूजा विधि
लक्ष्मी पंचमी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान और ध्यान करने के बाद साफ और पवित्र वस्त्र पहनें। इसके बाद घर के ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में एक चौकी रखें और उस पर लाल या पीले रंग का कपड़ा बिछाकर मां लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।
इसके बाद देवी पर गंगाजल छिड़कें और चंदन, रोली, अक्षत, धूप, दीप, फल-फूल, नारियल और मिठाई आदि अर्पित करें। पूजा के दौरान मां लक्ष्मी के स्तोत्र और चालीसा का पाठ करें तथा उनके मंत्रों का श्रद्धा के साथ जप करें। अंत में शुद्ध देशी घी का दीपक जलाकर माता लक्ष्मी की आरती करें। आरती के बाद देवी से पूरे वर्ष परिवार पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना करें।

Lakshmi Panchami 2026: लक्ष्मी पंचमी पर करने योग्य 8 खास उपाय
1. घर की साफ-सफाई रखें
यदि आप मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहते हैं तो इस दिन पूरे घर को साफ-सुथरा रखें। साथ ही मुख्य द्वार को भी साफ करके उसे शुभ प्रतीकों से सजाएं, क्योंकि मान्यता है कि देवी लक्ष्मी का प्रवेश इसी स्थान से घर में होता है।
2. लाल रंग के फूल अर्पित करें
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां लक्ष्मी को लाल रंग के फूल बहुत प्रिय होते हैं। इसलिए उनकी पूजा में कमल, गुलाब या गुड़हल जैसे लाल पुष्प जरूर चढ़ाएं।
3. कमलगट्टे की माला चढ़ाएं
जैसे मां लक्ष्मी को कमल का फूल प्रिय है, वैसे ही उन्हें कमलगट्टे की माला भी बहुत पसंद है। ऐसे में पूजा के समय देवी को कमलगट्टे की माला अर्पित करें और उसी माला से उनके मंत्रों का जप करें।
4. श्रीयंत्र की पूजा और श्रीसूक्त पाठ
यदि आप चाहते हैं कि आपका व्रत और पूजा सफल हो तथा पूरे साल मां लक्ष्मी का आशीर्वाद बना रहे, तो इस दिन श्रीयंत्र की विशेष पूजा करें और श्रीसूक्त का पाठ करना न भूलें।

5. कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें
जो लोग आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं और काफी प्रयासों के बाद भी धन संबंधी समस्याएं दूर नहीं हो पा रही हैं, उन्हें इस दिन विशेष रूप से कनकधारा स्तोत्र का पाठ करना चाहिए।
6. दक्षिणावर्ती शंख की पूजा करें
धार्मिक मान्यता के अनुसार शंख को देवी लक्ष्मी का भाई माना जाता है, क्योंकि दोनों का प्राकट्य समुद्र मंथन से हुआ था। इसलिए यदि घर में लक्ष्मी जी के साथ दक्षिणावर्ती शंख की पूजा की जाए तो मां लक्ष्मी जल्दी प्रसन्न होती हैं और धन-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं।
7. मंत्र जप करें
किसी भी देवी-देवता को प्रसन्न करने के लिए मंत्र जप को बहुत प्रभावी उपाय माना गया है। इसलिए लक्ष्मी पंचमी के दिन इन मंत्रों में से किसी एक का श्रद्धा से जप जरूर करें :
ॐ महालक्ष्मी नमः
ॐ श्रीं श्रियै नमः
ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं महालक्ष्म्यै नमः
8. प्रिय वस्तुओं का भोग लगाएं
इस दिन मां लक्ष्मी को उनकी प्रिय वस्तुएं अर्पित करना भी शुभ माना जाता है। पूजा में पीली कौड़ी, श्रीफल आदि चढ़ाएं। मान्यता है कि यदि पूजा में 5 कौड़ी, 5 हल्दी की गांठ, श्रीफल और मखाने की खीर का भोग लगाया जाए तो देवी लक्ष्मी की कृपा पूरे साल बनी रहती है।
अस्वीकरण: यहां दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारी पर आधारित है।किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें।
ये भी पढ़े: जानिए अपना मूलांक किस देवी की कृपा से होगी धन-वर्षा और जीवन में बदलाव! चैत्र नवरात्रि 2026 स्पेशल







