UP News: गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में स्थित डीएलएफ अंकुर विहार-3 एटीएम चौक के पास स्थित कृष्णा चाट भंडार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो 41 सेकेंड का है और इसे दुकान का ही एक ग्राहक चुपके से रिकॉर्ड करता दिख रहा है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
वीडियो में देखा जा सकता है कि रात के समय एक युवक चप्पल पहनकर बड़े एल्यूमिनियम भगोने में भरे हुए आलू रौंद रहा है और धो रहा है। इस दौरान आलू बाहर भी गिर रहे हैं। वीडियो में एक लड़की कहती सुनाई देती है कि मेरी मम्मी भी यहीं की टिक्की खाती हैं, अब मैं उन्हें पूरी सच्चाई दिखाउंगी। तभी उन्हें भरोसा होगा। जानकारी के अनुसार, इस चाट भंडार पर रोजाना 500 से अधिक लोग टिक्की और चाट खाने आते हैं। लेकिन इस वीडियो के सामने आने के बाद ग्राहकों में गुस्सा और हैरानी दोनों हैं। लोग सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर रहे हैं और स्वच्छता तथा स्वास्थ्य नियमों की अनदेखी पर सवाल उठा रहे हैं।
कितने नीच लोग हैं, देखिए कैेसे यह आदमी आलू को पैरों से साफ कर रहा है।
वीडियो लोनी गाजियाबाद का है। pic.twitter.com/LZjZGgQG2V
— Priya singh (@priyarajputlive) March 23, 2026
स्थानीय पार्षद विपिन भाटी ने कहा कि वीडियो में दुकान और चौराहे की पहचान स्पष्ट है। पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। हम फूड डिपार्टमेंट से भी शिकायत करेंगे ताकि ऐसे मामलों पर नियंत्रण रखा जा सके। वीडियो में दिख रहा है कि भगोने में करीब 25 किलो से अधिक आलू भरे हुए हैं। युवक चप्पल पहनकर आलू साफ करने में व्यस्त है, जिससे आलू बाहर गिर रहे हैं। इस घटना ने लोगों के बीच स्वास्थ्य और इंसानियत को लेकर चिंता बढ़ा दी है। साफ-सफाई के इस मामले में ग्राहक सचिन चौधरी ने अंकुर विहार थाने में तहरीर दी है और मांग की है कि चाट भंडार के मालिक और वीडियो में आलू साफ करने वाले युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
इससे पहले भी गाजियाबाद में स्वच्छता से जुड़ी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जैसे जूस में थूकने का मामला। ऐसे मामलों की वजह से लोगों में खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता दिख रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर लोग काफी नाराज हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे घिनौनी हरकत और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया है।
ये भी पढ़े… योगी सरकार के 9 साल: यूपी में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी पहल ने सौर ऊर्जा को आम लोगों तक पहुंचाया







