UP News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के थाना टप्पल क्षेत्र स्थित जट्टारी चौकी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शिकायत लेकर पहुंची एक महिला के साथ कथित तौर पर दरोगा द्वारा बदसलूकी किए जाने का आरोप है। घटना के बाद आहत महिला ने चौकी परिसर में ही आत्मदाह करने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला बिजली विभाग से जुड़ी समस्याओं को लेकर कई दिनों से अधिकारियों के चक्कर काट रही थी। कहीं सुनवाई न होने पर वह अपनी शिकायत लेकर जट्टारी चौकी पहुंची। आरोप है कि चौकी पर तैनात दरोगा ने महिला की बात सुनने के बजाय उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि वहां मौजूद सिपाही मुकुल ठाकुर ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद आहत हो गई।
UP News: चौकी परिसर में आत्मदाह की कोशिश
पुलिसकर्मियों के व्यवहार से परेशान होकर महिला ने चौकी परिसर में ही मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी कोई ठोस कदम उठाते नजर नहीं आए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला के हाथ से तेल की केन छीन ली और उसे काबू में कर लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बीते छह महीनों में यह तीसरी घटना है, जब थाना या चौकी परिसर में आत्मदाह की कोशिश हुई है। इससे पहले खैर क्षेत्र में भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें पुलिस की लापरवाही के आरोप लगे थे। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ये भी पढ़े… ‘गंगा का अपमान बर्दाश्त नहीं’, चिकन पार्टी केस में 14 आरोपियों को झटका, कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका







