UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी ने चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए नई रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी का फोकस इस बार पूरे प्रदेश में संतुलित राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने पर है, ताकि हर जिले में संगठन और सरकार की पकड़ मजबूत की जा सके।
जनता के बीच सीधा जुड़ाव मजबूत
सूत्रों के मुताबिक, संभावित मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए उन जिलों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां फिलहाल कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। ऐसे क्षेत्रों के नेताओं को मंत्री या दर्जा प्राप्त मंत्री बनाकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक संदेश देने की तैयारी है। पार्टी का मानना है कि इससे जमीनी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा आएगी और जनता के बीच सीधा जुड़ाव मजबूत होगा। वर्तमान योगी सरकार के मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय असंतुलन साफ दिखाई देता है। आगरा, वाराणसी, अलीगढ़, कानपुर देहात और शाहजहांपुर जैसे कुछ जिलों से एक से अधिक मंत्री हैं, जबकि करीब 40 जिलों को अभी तक कोई प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। ऐसे में बीजेपी इन ‘अनदेखे’ जिलों को साधने के लिए विशेष रणनीति तैयार कर रही है।
UP Election 2027: सामाजिक समीकरण पार्टी के पक्ष में
चुनावी समीकरण को ध्यान में रखते हुए पार्टी सिर्फ मंत्रिमंडल विस्तार तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि आयोगों, बोर्डों और निगमों में खाली पदों को भी भरने की योजना बना रही है। जिन नेताओं को सरकार या संगठन में जगह नहीं मिल पाई है, उन्हें इन पदों के जरिए राजनीतिक संतुलन में शामिल किया जाएगा। इससे क्षेत्रीय और जातीय समीकरण को साधने में मदद मिलेगी। बीजेपी का पूरा फोकस अपने पारंपरिक वोट बैंक अगड़ा वर्ग, गैर-यादव पिछड़ा और गैर-जाटव अनुसूचित जाति को फिर से मजबूत करने पर है। 2024 के लोकसभा चुनाव में जो सामाजिक समीकरण पार्टी के पक्ष में रहे, उन्हें 2027 में दोहराने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल में खाली पड़े पदों को भरने के साथ-साथ कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव संभव है। पार्टी बड़े बदलाव के बजाय छोटे लेकिन रणनीतिक फेरबदल के जरिए चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने की कोशिश में है। कुल मिलाकर, बीजेपी की यह रणनीति ‘मिशन 2027’ का अहम हिस्सा मानी जा रही है, जिसमें हर जिले को राजनीतिक भागीदारी देकर चुनाव से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
ये भी पढ़े… MP में नई कृषि सोच, ‘पराली से चारा, चारे से कमाई’, जानें क्या है मोहन यादव सरकार का प्लान?







