Bengal Election 2026: बंगाल विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ हाथ मिलाने के बाद टीएमसी से निष्कासित और जन उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने दावा किया है कि अब तक हम बंगाल में मुस्लिम डिप्टी सीएम को लेकर आवाज उठा रहे थे। लेकिन, अब हमारे साथ ओवैसी भी आ गए हैं तो हम लोग चाहते हैं कि बंगाल का अगला नेतृत्व मुस्लिम करें।
मुस्लिम सीएम को लेकर आवाज उठाएंगे
मुस्लिम सीएम को लेकर हम लोग आवाज उठाएंगे। कोलकाता में आईएएनएस से बातचीत में हुमायूं कबीर ने कहा कि मैं पहले से कह रहा हूं कि पश्चिम बंगाल की जो 37 फीसदी मुस्लिम आबादी है और जिनका 32 फीसदी इलेक्टोरल रोल में नाम है, उनके वोट से कोई मुख्यमंत्री न बने तो उपमुख्यमंत्री तो बनना चाहिए। यह मुद्दा मैं पहले से उठा रहा हूं। गठबंधन में हमारे नेता ओवैसी कह रहे हैं कि उपमुख्यमंत्री पद के लिए लड़ाई नहीं चाहिए, मुख्यमंत्री पद के लिए जीत चाहिए। उनकी बात मैंने मान ली। आज से मुख्यमंत्री बनने के लिए आवाज उठाएंगे। हुमायूं कबीर ने कहा कि 10 साल पहले पीछे जाएं तो रामनवमी की बंगाल की राजनीति में कोई अहमियत नहीं थी। हिंदू-मुस्लिम को लेकर कोई विवाद नहीं था। दस साल में यह भाजपा ने किया। रामनवमी में जो पहले दंगे हुए, वह भाजपा ने हिंदुओं का वोट लेने के लिए कराए थे।
Bengal Election 2026: मुर्शिदाबाद डिस्ट्रिक्ट एक महत्वपूर्ण जिला
हिंदुओं के करीब जाने के लिए उसने कराया और अब भी वह कोशिश करेगी। मुर्शिदाबाद का जिक्र करते हुए कहा कि मुर्शिदाबाद डिस्ट्रिक्ट एक महत्वपूर्ण जिला है। यहां हिंदू-मुस्लिम मिलकर सौ साल से ज्यादा समय से रहते आ रहे हैं, बल्कि हजारों साल से। बांग्लादेश से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मेरी सिटिजनशिप इंडिया की है। मैं इंडिया का ही रहूंगा, इंडिया में ही मरूंगा और यहीं की मिट्टी में दफन होउंगा। हिन्दू-मुस्लिम वोट को लेकर हुमायूं कबीर ने कहा कि हिंदू वोट उनका मुद्दा है और मुसलमान वोट मेरा मुद्दा है। वह जितना हिंदू-हिंदू करेंगे, हम उतना मुल्ला-मुल्ला करेंगे। ममता बनर्जी हिन्दु वोट के लिए मंदिरों का निर्माण करवा रही हैं। वे भी वोट का बंटवारा कर लेंगी। मेरे पास 80-100 फीसदी मुस्लिम वोट हैं, आसानी से मामला हल हो जाएगा। बताते चलें कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीट के लिए 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे।
ये भी पढ़े… गुजरात में UCC बिल पास, अमित शाह बोले- ‘देश समान कानून से चले’







