UP News: केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज गोरखपुर दौरे पर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही कृषि पहलों का जायजा लिया और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। गोरखपुर पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस पावन भूमि पर आकर उन्हें विशेष आनंद और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने गोरखपुर को ज्ञान, भक्ति और कर्म का संगम बताते हुए कहा कि यह धरती गौतम बुद्ध की शांति, कबीर की क्रांति और गुरु गोरखनाथ की आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है।
कृषि और खाद उपलब्धता पर बड़ा बयान
केंद्रीय मंत्री ने देश में खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि देश में किसी भी प्रकार की उर्वरक कमी नहीं है और सरकार ने पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि किसान भाइयों और बहनों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। हमारे पास पर्याप्त खाद उपलब्ध है और कृषि कार्य सुचारू रूप से चलते रहेंगे। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम दिन-रात काम कर रहे हैं ताकि किसी प्रकार की समस्या न आए। संकट हो सकता है, लेकिन समाधान भी हमारे पास है। इस दौरान शिवराज सिंह ने पिछली सरकार सपा पर निशाना साधते हुए उसे भ्रष्टाचार से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान भय और भ्रष्टाचार से होती थी, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य विकास की नई पहचान बन चुका है।
UP News: सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रतापपुर में आयोजित कार्यक्रम में ओम प्रकाश पासवान की 30वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा उन्होंने गोरखपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर बालिका इंटर कॉलेज में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। दौरे के दौरान उन्होंने कई अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया और अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं पर चर्चा की।
ये भी पढ़े… रामनवमी पर डबल छुट्टी, योगी सरकार ने 27 मार्च को भी अवकाश किया घोषित







