Bihar: पटना के पिपरा थाना क्षेत्र के बेहरावां गांव में सोमवार को पुलिस की कार्रवाई के दौरान अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिस की छापेमारी से बचने के लिए करीब 50 से 60 लोगों ने पुनपुन नदी में छलांग लगा दी। इस घटना में दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान फुलवारी शरीफ के ढिबरा निवासी आकाश मांझी और करीब 60 वर्षीय राम मांझी के रूप में हुई है।
पुलिस कार्रवाई के बाद मची भगदड़
बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी बेहरावां गांव पहुंचे थे। पुलिस की मौजूदगी देखते ही गांव में भगदड़ जैसे हालात बन गए। ग्रामीणों का दावा है कि कार्रवाई से बचने के लिए कई लोग गांव से निकलकर नदी की ओर भागे और देखते ही देखते दर्जनों लोगों ने पानी में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने पुलिस की भारी तैनाती पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अचानक बड़ी संख्या में जवानों के पहुंचने से गांव में दहशत फैल गई थी।
Bihar: नदी में ईंट-पत्थर चलाने का आरोप
घटना को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि भागने के दौरान कुछ लोगों की ओर से पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके गए। इसके बाद पुलिस की ओर से भी नदी की तरफ ईंट-पत्थर चलाए गए। नदी में उतरने वाले लोग तैरकर दूसरे किनारे पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, इसी दौरान कथित पत्थरबाजी के कारण उन्हें बाहर निकलने में परेशानी हुई। हालांकि, तैरना जानने वाले कई लोग किसी तरह नदी पार करने में सफल रहे।
डूबने से दो लोगों की मौत
इस दौरान आकाश मांझी और राम मांझी नदी से बाहर नहीं निकल सके। दोनों की डूबने से मौत हो गई। बताया गया है कि आकाश अपनी नानी के घर बेहरावां आया हुआ था। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है।
Bihar: घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल
दो लोगों की मौत के बाद बेहरावां गांव में तनाव और डर का माहौल बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिस कार्रवाई के बाद कुछ लोग अपने घरों से निकलकर दूसरी जगह चले गए हैं। बड़ी संख्या में लोगों की गिरफ्तारी की भी चर्चा है। फिलहाल गांव में पुलिस बल की मौजूदगी बनी हुई है। घटना को लेकर सामने आए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और पुलिस का विस्तृत बयान सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़े- राहुल गांधी की परेशानियां, INDIA गठबंधन को एकजुट करें या कांग्रेस का कुनबा संभालें?









