Dhurandhar 2: उत्तर प्रदेश पुलिस अपने जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए एक अनोखी पहल करने जा रही है। चर्चित फिल्म धुरंधर-2 को एक साथ 600 दारोगाओं को दिखाया जाएगा। यह विशेष स्क्रीनिंग शापरिक्स मॉल स्थित वेव सिनेमा में आयोजित की जाएगी, जहां एसएसपी अविनाश पांडेय स्वयं दारोगाओं के साथ बैठकर फिल्म देखेंगे। बताया जा रहा है कि यह सभी दारोगा वर्ष 2023 बैच के हैं। इन्हें पुलिस लाइन से सरकारी वाहनों के जरिए सिनेमा हॉल तक लाया जाएगा। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजन से जवानों को अपनी व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय के लिए राहत मिलेगी और उनके अंदर नई ऊर्जा का संचार होगा।
क्या है फिल्म दिखाने का उद्देश्य?
एसएसपी अविनाश पांडेय ने कहा कि चार घंटे लंबी इस फिल्म को दिखाने का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि दारोगाओं के भीतर उत्साह और प्रेरणा बढ़ाना भी है। उन्होंने बताया कि फिल्म में पुलिस व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और खुफिया तंत्र से जुड़े कई पहलुओं को दर्शाया गया है, जिससे जवानों को सीखने का भी मौका मिलेगा।
Dhurandhar 2: फिल्म में यूपी का खास कनेक्शन
19 मार्च 2026 को रिलीज़ हुई धुरंधर-2 में उत्तर प्रदेश से जुड़ी कई घटनाओं और किरदारों को प्रमुखता से दिखाया गया है। खास तौर पर प्रयागराज क्षेत्र की पृष्ठभूमि पर आधारित एक किरदार ‘आतिफ अहमद’ काफी चर्चा में है, जो माफिया छवि वाले एक व्यक्ति से प्रेरित बताया जा रहा है। फिल्म में इस किरदार के जरिए आइएसआइ से संबंध, हथियारों की तस्करी और जेल से आपराधिक नेटवर्क चलाने जैसे गंभीर मुद्दों को दिखाया गया है। इसके अलावा फिल्म में यूपी के एक पूर्व डीजीपी का किरदार भी शामिल किया गया है, जिससे पुलिस अधिकारियों को प्रशासनिक और रणनीतिक दृष्टिकोण को समझने में मदद मिल सकती है।
प्रशासन की पहल को मिल रही सराहना
पुलिस विभाग की इस पहल को लेकर कई अधिकारी सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह के प्रयास न केवल पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें अपने काम के प्रति और अधिक प्रेरित भी करते हैं। इस आयोजन को लेकर दारोगाओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। कई जवानों का कहना है कि इस तरह का अनुभव उनके लिए नया और प्रेरणादायक होगा।
ये भी पढ़े… संकट है तो समाधान भी… गोरखपुर में खाद की कमी को लेकर क्या बोले शिवराज सिंह चौहान?







