Home » उत्तर प्रदेश » पहले किडनैप, फिर हत्या… बदले की आग में जला आगरा, आरोपी का एनकाउंटर में अंत!

पहले किडनैप, फिर हत्या… बदले की आग में जला आगरा, आरोपी का एनकाउंटर में अंत!

Agra News: 8 साल की बच्ची की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी किराएदार को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 3 बजे बमरौली कटारा क्षेत्र में मुठभेड़ हुई, जब आरोपी फिरोजाबाद भागने की कोशिश कर रहा था।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में एक दरोगा भी घायल हुआ है।

8 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या

आरोपी 29 वर्षीय सुनील ने 24 मार्च को जूता कारोबारी की 8 साल की बेटी की गला काटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद उसने शव को एक कनस्तर में छिपा दिया था। करीब 30 घंटे बाद पुलिस ने बच्ची का शव बरामद किया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था और पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

Agra News: किराए के विवाद से उपजा था गुस्सा

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के पीछे बदले की भावना थी। करीब 11 दिन पहले किराए को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें बच्ची के चाचा ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था और कमरे पर ताला लगा दिया था। इस बात से नाराज आरोपी ने बाद में किराया तो चुका दिया, लेकिन बदला लेने की धमकी दी थी। इसी रंजिश में उसने मासूम बच्ची को निशाना बनाया।

घर के पास से लापता हुई थी बच्ची

बच्ची 24 मार्च को घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। परिवार ने पहले खुद तलाश की, फिर पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज में बच्ची आखिरी बार पास की दुकान से चिप्स लेते हुए दिखी थी।

Agra News: आरोपी ने ही रची थी साजिश

हैरानी की बात यह रही कि आरोपी सुनील खुद परिवार के साथ बच्ची की तलाश में लगा रहा और थाने जाकर गुमशुदगी दर्ज कराने में भी शामिल हुआ।हालांकि, जब पुलिस ने जांच तेज की तो वह अचानक गायब हो गया। इसके बाद शक गहराया और पुलिस ने उसके कमरे का ताला तोड़कर तलाशी ली।

कनस्तर में छिपाई थी लाश

तलाशी के दौरान कमरे में रखे आटे के कनस्तर से बच्ची का शव बरामद हुआ। आरोपी ने शव के ऊपर आटे की बोरी और रजाई रख दी थी, ताकि किसी को शक न हो।

Agra News: घटना के बाद भड़का था लोगों का गुस्सा

इस जघन्य वारदात के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। लोगों ने फतेहाबाद रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस कार्रवाई जारी

पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस एनकाउंटर के बाद प्रशासन ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

ये भी पढ़े…“पश्चिम एशिया संकट पर PM मोदी का बैठक में बड़ा एक्शन-‘टीम इंडिया’ को अलर्ट, राज्यों को सख्त आदेश