PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 132वें एपिसोड में हाल ही की वैश्विक घटनाओं, देश की तैयारियों और नागरिकों के लिए संदेश पर विस्तार से चर्चा की।
अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध
पीएम मोदी ने बताया कि दुनिया में इस समय अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध चल रहा है। इस संघर्ष के कारण पेट्रोल और डीजल की किल्लत जैसी स्थिति पैदा हो रही है। लेकिन भारत इस चुनौती का सामना पूरी तैयारी और सामर्थ्य के साथ कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से अफवाहों में फंसने से बचने और केवल सरकार द्वारा दी जा रही विश्वसनीय जानकारी पर भरोसा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे देश को नुकसान हो रहा है।

PM Modi Mann Ki Baat: युद्ध और ऊर्जा संकट
पीएम मोदी ने कहा कि जिस क्षेत्र में युद्ध चल रहा है, वह दुनिया की ऊर्जा जरूरतों का बड़ा केंद्र है। इसके कारण वैश्विक स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कमी बनी हुई है। लेकिन भारत के वैश्विक संबंध, अलग-अलग देशों से सहयोग और पिछले दशक में विकसित सामर्थ्य के कारण, देश इस चुनौती का सामना कर रहा है।
अफवाहों से सतर्क रहें
प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों से अपील की कि वे जागरूक रहें और अफवाहों में न आएं। सरकार की लगातार दी जा रही जानकारी पर भरोसा करें और उसी के आधार पर कदम उठाएं। उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे देश ने पहले संकटों को मिलकर पार किया, वैसे ही इस बार भी देश इसे सफलतापूर्वक पार करेगा।
PM Modi Mann Ki Baat: मार्च महीने की वैश्विक हलचल
पीएम ने बताया कि मार्च का महीना वैश्विक स्तर पर हलचल भरा रहा। पूरी दुनिया पहले कोविड संकट के कारण कई समस्याओं से गुजर चुकी थी। लोग उम्मीद कर रहे थे कि कोविड के बाद दुनिया नई प्रगति की राह पर बढ़ेगी। लेकिन अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार युद्ध और संघर्ष की परिस्थितियां बनी रहीं।
खाड़ी देशों में भारतीयों की मदद
प्रधानमंत्री ने बताया कि हमारे पड़ोस में एक माह से भीषण युद्ध चल रहा है। ऐसे देशों में हमारे लाखों परिवारों के सगे-संबंधी और भारतीय कामगाररहते हैं, खासकर खाड़ी देशों में। पीएम ने खाड़ी देशों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने एक करोड़ से अधिक भारतीयों को हर प्रकार की मदद प्रदान की है।
PM Modi Mann Ki Baat: जम्मू-कश्मीर की रणजी ट्रॉफी जीत
पीएम मोदी ने कर्नाटक के हुबली में हुए रोचक क्रिकेट मुकाबले का जिक्र किया। इस मैच में जम्मू-कश्मीर की टीम ने रणजी ट्रॉफी जीतकर लगभग 7 दशकों के लंबे इंतजार के बाद पहला खिताब जीता।
प्रधानमंत्री ने कश्मीर के युवा गेंदबाज आकिब नबी के 60 विकेट लेने का उल्लेख किया। इस जीत और टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक सफलता ने पूरे देश के क्रिकेट प्रेमियों में जोश और उत्साह भर दिया।

गर्मियों का सीजन और जल संरक्षण
देश के कई हिस्सों में गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है। पीएम मोदी ने कहा कि यह समय जल संरक्षण के संकल्प को दोहराने का है। पिछले 11 वर्षों में ‘जल संचय अभियान’ के तहत देशभर में लगभग 50 लाख आर्टिफिशियल वॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं बनाई गई हैं।
मछुआरों की मेहनत और योगदान
प्रधानमंत्री ने मछुआरों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे केवल समुद्र के योद्धा नहीं हैं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव भी हैं। मछुआरे सुबह से पहले समुद्र की लहरों से जूझते हुए अपने परिवार और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में जुट जाते हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि आज उनके जीवन को आसान बनाने के कई प्रयास किए जा रहे हैं।
पीएम ने कहा कि जब समाज खुद आगे आता है, तो छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव की नींव बनाते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुए एक प्रेरक प्रयास का जिक्र किया, जहां एक घंटे में 2 लाख 51 हजार से अधिक पौधे लगाए गए, और यह एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना।
पिछले पांच एपिसोड का संक्षिप्त विवरण
- 131वां एपिसोड: दिल्ली में ग्लोबल AI इम्पैक्ट समिट में कई देशों के नेता, उद्योग जगत के लीडर्स, इनोवेटर और टेक कंपनी के दिग्गज जुटे। AI की मदद से प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों का संरक्षण हो रहा है। भारत की ताकत दुनिया के सामने आई। युवाओं में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को लेकर उत्साह बढ़ा।
- 130वां एपिसोड: आज भारतीय संस्कृति और त्योहारों की पहचान पूरी दुनिया में बन रही है। विदेशों में भारत के त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाए जाते हैं। विदेशों में रहने वाले भारतीय अपनी भाषा और संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं।
- 129वां एपिसोड: पीएम ने बताया कि ICMR ने हाल ही में रिपोर्ट में कहा कि निमोनिया और UTI जैसी बीमारियों में दवाइयां कमजोरसाबित हो रही हैं। इसकी वजह बिना सोचे दवा का सेवन है। लोग सोचते हैं कि एक गोली से बीमारी दूर हो जाएगी। पीएम ने अपील की कि बिना डॉक्टर की सलाह दवाओं का सेवन न करें।
- 128वां एपिसोड: नवंबर 2025 में भारतीय खेलों के लिए शानदार महीना रहा। महिला टीम की ICC वर्ल्ड कप जीत से शुरुआत हुई। भारत को कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी का ऐलान हुआ। टोक्यो में हुए डेफ ओलिंपिक्स में भारत ने रिकॉर्ड 20 मेडल जीते। महिला कबड्डी टीम ने वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा। बॉक्सिंग कप में भी 20 मेडल हासिल हुए।
- 127वां एपिसोड: पीएम ने छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं और लोगों से इस उत्सव में शामिल होने की अपील की। इस एपिसोड में GST बचत उत्सव, सरदार पटेल की 150वीं जयंती, रन फॉर यूनिटी जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
यह भी पढे़ : ईरानी मीडिया की अमेरिकी सैनिकों को चेतावनी, ‘नरक में आपका स्वागत है’, 3500 अमेरिकी सैनिक मध्य पूर्व पहुंचे







