600+ Migrant Caravan to US: अमेरिका में आगामी मिडटर्म चुनाव से पहले इमिग्रेशन का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। दक्षिणी मेक्सिको के रास्ते सैकड़ों प्रवासियों का एक नया कारवां अमेरिका की ओर बढ़ रहा है। इस समूह में 600 से ज्यादा लोग शामिल हैं, जिनमें सबसे बड़ी संख्या होंडुरास के नागरिकों की बताई जा रही है। यह कारवां करीब 20 सितंबर को होंडुरास के सैन पेड्रो सुला से रवाना हुआ था। ग्वाटेमाला से होते हुए 24 और 25 सितंबर को समूह ने रोडोल्फो रोब्लेस इंटरनेशनल ब्रिज पार किया और मेक्सिको के चियापास राज्य में प्रवेश किया। समूह के मेक्सिको पहुंचने के दौरान मैक्सिकन पुलिस और इमिग्रेशन अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।
600+ Migrant Caravan to US: 300 से बढ़कर 600 के पार पहुंची संख्या-
शुरुआत में इस कारवां में करीब 300 लोग शामिल थे। हालांकि, तापाचुला पहुंचने तक अल साल्वाडोर, ग्वाटेमाला, इक्वाडोर और हैती के लोग भी इसमें शामिल होते गए। इसके बाद समूह की संख्या बढ़कर 600 से ज्यादा हो गई।
600+ Migrant Caravan to US: ‘फे वाई एस्पेरांजा’ रखा गया कारवां का नाम-
इस समूह ने खुद को ‘फे वाई एस्पेरांजा’ नाम दिया है, जिसका अर्थ ‘विश्वास और उम्मीद’ है। समूह में शामिल कई लोगों का कहना है कि वे हिंसा के कारण नहीं, बल्कि भुखमरी और आर्थिक परेशानियों से तंग आकर अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर हुए। तूफान रेचल के कारण हुई भारी बारिश के बीच ये लोग जरूरी सामान प्लास्टिक बैग में लेकर करीब 40 किलोमीटर पैदल चलकर तापाचुला पहुंचे। इनमें कुछ लोग अमेरिका में शरण लेना चाहते हैं, जबकि कई प्रवासी मेक्सिको के मॉन्टेरी जैसे शहरों में काम की तलाश में बसना चाहते हैं।
अमेरिका में शुरू हुई राजनीतिक बयानबाजी-
मिडटर्म चुनाव से पहले प्रवासियों के इस बड़े समूह के सामने आने के बाद अमेरिका में इमिग्रेशन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। रिपब्लिकन सांसद मार्जोरी टेलर ग्रीन और नैन्सी मेस ने इस घटनाक्रम पर सवाल उठाए और यह आशंका जताई कि क्या चुनाव के दौरान कोई बाहरी समूह इसे मुद्दा बना रहा है।
अगस्त में 8,870 लोगों को बॉर्डर पर पकड़ा गया-
अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में साउथवेस्ट बॉर्डर पर 8,870 लोगों को पकड़ा गया। विभाग के अनुसार, यह संख्या दिसंबर 2023 के उच्च स्तर से करीब 97 फीसदी कम है। विभाग का यह भी कहना है कि पिछले 16 महीनों से पकड़े गए नए प्रवासियों को अमेरिका में प्रवेश नहीं दिया गया है।
यह भी पढ़े- दिल्ली में बिना PUCC नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, प्रदूषण रोकने के लिए सरकार का बड़ा प्लान









