Weather Update: देश के मौसम में इन दिनों लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कहीं तेज गर्मी बढ़ रही है तो कहीं बारिश और बर्फबारी का असर दिखाई दे रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के 17 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और तूफान आने की संभावना है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में आज दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही धूल भरी आंधी भी चल सकती है।
सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ज्यादा है। वहीं अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Weather Update: उत्तर प्रदेश में बारिश
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 30 और 31 मार्च को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाएं करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। इसके अलावा 3 अप्रैल से राज्य में फिर से बारिश का एक नया दौर शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।

बिहार में भी मौसम रहेगा सक्रिय
बिहार में 29 मार्च से लेकर 1 अप्रैल तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और मध्यम बारिश भी हो सकती है।
Weather Update: हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी
पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। लाहौल-स्पीति जिले के सिस्सू सहित कई इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। 30 मार्च को यहां भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके बाद 3 और 4 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे दोबारा बर्फबारी होने के आसार हैं।

नए पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार 2 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ बनने की संभावना है, जिसका असर उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों पर पड़ सकता है। तापमान की बात करें तो 30 और 31 मार्च के बीच अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। वहीं पूर्वी भारत के इलाकों में 2 अप्रैल तक तापमान धीरे-धीरे बढ़ने का अनुमान है।







