Home » उत्तर प्रदेश » SP बिश्नोई का अंदाज हुआ वायरल, घुटनों पर बैठकर IPS अंशिका से पहनी वरमाला, ‘ओ री सखी…’ गाने पर बना यादगार पल

SP बिश्नोई का अंदाज हुआ वायरल, घुटनों पर बैठकर IPS अंशिका से पहनी वरमाला, ‘ओ री सखी…’ गाने पर बना यादगार पल

IPS KK Bishnoi

IPS KK Bishnoi: उत्तर प्रदेश के चर्चित आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार (केके) बिश्नोई और बरेली की एसपी अंशिका वर्मा रविवार रात विवाह के बंधन में बंध गए। राजस्थान के जोधपुर में शाही अंदाज में हुई इस शादी ने प्रशासनिक और सामाजिक हलकों में खासा ध्यान खींचा। विवाह समारोह के दौरान जयमाला की रस्म सबसे ज्यादा चर्चा में रही। जैसे ही अंशिका वर्मा वरमाला लेकर आगे बढ़ीं, केके बिश्नोई पहले हल्के-फुल्के अंदाज में पीछे हटे और फिर अचानक घुटनों पर बैठकर माला पहन ली। इसके बाद जब बिश्नोई की बारी आई, तो अंशिका ने मुस्कुराते हुए सिर झुका लिया। इस पूरे पल को और खास बना रहा था बैकग्राउंड में बज रहा कैलाश खेर का लोकप्रिय गीत ‘ओ री सखी मंगल गाओ री’, जिसने माहौल को भावुक और उत्सवमय बना दिया।

जयमाला के बाद दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर मंच से मेहमानों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद केके बिश्नोई, अंशिका का हाथ थामे ही मंच से नीचे उतरे, जो उनकी बॉन्डिंग और सादगी को दर्शाता नजर आया। बारात भी पूरी तरह शाही अंदाज में निकली। केके बिश्नोई पहले रेंज रोवर कार से कुछ दूरी तक पहुंचे, उसके बाद पारंपरिक तरीके से घोड़ी पर सवार होकर बारात में शामिल हुए। बारात के दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर नाच-गाना हुआ। उनके पिता सुजाना राम बिश्नोई ने भी बारातियों के साथ खुलकर डांस किया, जिससे माहौल और भी उत्साहित हो गया।

इससे पहले बाड़मेर में दोपहर करीब 12 बजे केके बिश्नोई पारंपरिक वेशभूषा में अपने घर से निकले। उन्होंने क्रीम कलर की शेरवानी पहन रखी थी और हाथ में तलवार तथा आंखों पर काला चश्मा लगाकर शाही अंदाज में नजर आए। घर से निकलने से पहले उनकी बहन ने उन्हें मिठाई खिलाई। इसके बाद वे मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। बारात बाड़मेर से करीब 200 किलोमीटर का सफर तय कर शाम लगभग 6 बजे जोधपुर पहुंची, जहां ऐतिहासिक अजीत भवन में द्वारचार की रस्म पूरी की गई। शादी की थीम ‘कृष्णांशिका’ रखी गई, जो दोनों के नामों का खूबसूरत संगम है। पूरे समारोह में पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ आधुनिकता की झलक भी देखने को मिली। आपको बता दें कि यह हाई-प्रोफाइल शादी न सिर्फ प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

ये भी पढ़े… हाथों में हाथ, दिलों में प्यार, यूपी के दो IPS की प्री-वेडिंग फोटो सोशल मीडिया पर छाईं