Salim Wastik: मजहबी कट्टरता के खिलाफ मुखर आवाज उठाने वाले सलीम वास्तिक करीब एक महीने तक चले इलाज के बाद आखिरकार रविवार को अपने घर लौट आए। उनके घर वापसी की खबर से समर्थकों और स्थानीय लोगों में राहत की भावना देखी गई। हालांकि गंभीर हमले में गले पर गहरी चोट लगने के कारण वह अभी बोलने में असमर्थ हैं और डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए अभी और समय व देखभाल की जरूरत बताई है। जबकि उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। घर लौटते ही सलीम वास्तिक की सुरक्षा में दो सशस्त्र गनर तैनात कर दिए गए हैं, वहीं स्थानीय पुलिस भी लगातार निगरानी बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
वास्तिक पर किया था हमला
दरअसल, 27 फरवरी को लोनी थाना क्षेत्र की निठौरा रोड स्थित अली गार्डन कॉलोनी में सलीम वास्तिक पर बेहद खौफनाक हमला हुआ था। जानकारी के मुताबिक, हेलमेट पहने दो सगे भाई जीशान और गुलफाम उनके कार्यालय में घुसे और अचानक उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने सर्जिकल ब्लेड से उनका गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके और कांच के टुकड़ों से उनकी कमर और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी रही। डॉक्टरों की टीम ने लगातार निगरानी में रखकर उनका इलाज किया। करीब एक महीने तक चले उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों के अनुसार, गले में गहरा और संवेदनशील घाव होने के चलते फिलहाल उनकी आवाज प्रभावित है। विशेषज्ञों का कहना है कि रिकवरी में समय लगेगा और उन्हें विशेष चिकित्सकीय निगरानी की जरूरत होगी।
Salim Wastik: मुठभेड़ में मारे गए आरोपी
इस सनसनीखेज हमले के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित भाइयों को मुठभेड़ में मार गिराया था। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई थी और पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की गई। वहीं मामले में एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि सलीम वास्तिक अब घर पर हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि दो गनर उनकी सुरक्षा में तैनात हैं और क्षेत्र में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है। साथ ही, खुफिया स्तर पर भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ये भी पढ़े… नए सत्र पर बच्चों को नई सीख! योगी बोले- ‘स्क्रीन टाइम घटाओ, एक्टिविटी बढ़ाओ’







