Kunar Rocket Attack: पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर हालात सामान्य नहीं हैं और दोनों तरफ से हमले जारी हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में रिहायशी इलाकों पर रॉकेट दागे। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और 16 अन्य घायल हो गए।सीमा पार से दागे गए गोले असदाबाद के आसपास के घरों और इलाकों में गिरे, जिससे बॉर्डर पर तनाव बढ़ने का डर पैदा हो गया है।
सीमा पर तनाव लगातार बढ़ा
तालिबान के प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने बताया कि यह हमला रविवार शाम लगभग 5 बजे हुआ। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। तालिबान ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि उसने आम लोगों के घरों को निशाना बनाया।
ईद पर हुए छोटे संघर्ष विराम के बाद यह हमला बड़ा माना जा रहा है। इस्लामाबाद का कहना है कि उनके मिलिट्री ऑपरेशन का लक्ष्य आतंकवादी थे, लेकिन तालिबान ने इस दावे को खारिज किया है।हाल के हफ्तों में, दोनों तरफ एयरस्ट्राइक और आर्टिलरी फायर के कारण तनाव बढ़ गया है।

Kunar Rocket Attack: शांति जिरगा 31 मार्च को पेशावर में
स्थानीय मीडिया ने बताया कि पाकिस्तान-अफगानिस्तान शांति जिरगा 31 मार्च को पेशावर में आयोजित होगी। इसमें दोनों देशों के नेतृत्व से तनाव कम करने और शांति बढ़ाने की अपील की जाएगी।
खैबर पख्तूनख्वा के पूर्व चीफ सेक्रेटरी अरबाब शहजाद खान ने बताया कि जिरगे में राजनीतिज्ञ, कबायली बुजुर्ग, धार्मिक जानकार, सिविल सोसाइटी के सदस्य, व्यापारी और मीडिया प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
अरबाब शहजाद खान ने कहा कि जंग किसी भी समस्या का समाधान नहीं है और मसले को बातचीत से सुलझाना चाहिए। फोरम का मुख्य उद्देश्य आपसी सम्मान और विश्वास बढ़ाने और बातचीत के जरिए सतत शांति को प्रोत्साहित करना होगा।
जिरगे के अंत में पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सरकारों के लिए शांति प्रस्ताव जारी किया जाएगा, ताकि दोनों देशों के बीच स्थिरता, संवाद और सहयोग को बढ़ावा दिया जा सके।







