Bengal Election: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के नेताओं ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता पर तीखा हमला बोला है। नेताओं का आरोप है कि चुनाव से पहले जनसमर्थन घटने के कारण ममता बनर्जी सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रही हैं।
‘जनता बदलाव चाहती है’
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार के कामकाज को जनता ने देख लिया है और अब बदलाव का मन बना चुकी है। उनके मुताबिक, ममता बनर्जी की पकड़ कमजोर हो रही है और यही वजह है कि वे भावनात्मक मुद्दे उठा रही हैं।
Bengal Election: जदयू ने भी उठाए सवाल
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर एक मुख्यमंत्री ही डर का माहौल बनाएंगी, तो आम जनता पर इसका क्या असर पड़ेगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी कभी डर नहीं दिखाया और देशहित में काम किया।
‘भावनात्मक मुद्दों का सहारा’
भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल ने आरोप लगाया कि जब सरकार प्रदर्शन में कमजोर पड़ती है, तो नेता भावनात्मक मुद्दों का सहारा लेते हैं। वहीं, कमलजीत सहरावत ने कहा कि हर चुनाव में ममता बनर्जी नया मुद्दा उठाती हैं, लेकिन इस बार उनकी रणनीति कामयाब नहीं होगी।
Bengal Election: यूपी मंत्री का भी बयान
उत्तर प्रदेश के मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि ममता बनर्जी बिना वजह विवाद खड़ा कर रही हैं और अब वही लोग सम्मान की बात कर रहे हैं, जिन्होंने पहले जनता को परेशान किया।
अमित शाह बनाम ममता आमने-सामने
इस विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी पर “विक्टिम कार्ड” खेलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कभी वे चोट का हवाला देती हैं, कभी बीमारी का, तो कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाती हैं।
Bengal Election: ममता बनर्जी का पलटवार
इस पर ममता बनर्जी ने पुरुलिया के मानबाजार में एक रैली के दौरान पलटवार करते हुए कहा, “आप कौन होते हैं चार्जशीट देने वाले? असली चार्जशीट तो आपके खिलाफ होनी चाहिए।” उन्होंने यह भी इशारा किया कि उनकी जान को खतरा हो सकता है।
चुनाव से पहले बढ़ी सियासत
पश्चिम बंगाल में चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक तरफ भाजपा और एनडीए ममता सरकार को घेरने में जुटे हैं, वहीं टीएमसी ‘बंगाली अस्मिता’ के मुद्दे पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
Bengal Election: मुकाबला होगा सीधा
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार बंगाल चुनाव में मुकाबला सीधा भारतीय जनता पार्टी और टीएमसी के बीच देखने को मिलेगा, जिससे चुनावी माहौल और भी गर्म होता जा रहा है।
ये भी पढ़े… राज्यसभा में संग्राम! जेपी नड्डा बोले विपक्ष को न बहस की परवाह, न लोकतंत्र की!







