Gas supply: केंद्र सरकार ने देशभर में गैस आपूर्ति को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। सरकार के अनुसार, पिछले पांच दिनों में 110 भौगोलिक क्षेत्रों में 55,000 से अधिक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शनों में गैस की आपूर्ति शुरू की गई है। इसके साथ ही 23 मार्च से अब तक 4.3 लाख से अधिक 5 किलोग्राम के फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। यह कदम घरेलू और वाणिज्यिक दोनों क्षेत्रों में ऊर्जा आपूर्ति को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
PNG विस्तार और LPG आवंटन में बढ़ोतरी
सरकार ने बताया कि एलपीजी से पीएनजी में परिवर्तन को बढ़ावा देने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वाणिज्यिक एलपीजी का अतिरिक्त 10 प्रतिशत आवंटन दिया जा रहा है। फिलहाल आठ राज्यों को यह सुविधा मिल रही है, जबकि तीन अन्य राज्यों के आवेदन विचाराधीन हैं। इससे गैस वितरण व्यवस्था को अधिक संतुलित और सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
Gas supply: रिफाइनरियां पूरी क्षमता पर, ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, देश की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल के साथ पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए एलपीजी उत्पादन में भी बढ़ोतरी की गई है। देशभर में पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
कीमतें स्थिर, अफवाहों से बचने की अपील
सरकार ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल पर अपनी लागत से कम वसूली कर रही हैं। साथ ही, जनता से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।







