Savita Rani: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर 3, ब्लॉक A में आज गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला। यहां की निवासी श्रीमती सविता रानी (पत्नी श्री राजकुमार और पुत्री श्री वीर सिंह) ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की UP PCS 2024 परीक्षा में 62वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
उनकी इस उपलब्धि की खुशी में सेक्टर के लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और एक सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, वरिष्ठजन और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने सविता रानी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

RWA टीम ने स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
इस अवसर पर RWA टीम के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। टीम की ओर से सविता रानी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिसे वहां उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।
इस सम्मान समारोह में विशेष रूप से सेक्टर 3, ब्लॉक A की बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और अन्य सेक्टरवासी शामिल हुए। उनकी भागीदारी से कार्यक्रम और भी भव्य और प्रेरणादायक बन गया।
Savita Rani: युवाओं को मार्गदर्शन देने का किया गया आग्रह
कार्यक्रम के दौरान सेक्टर के वरिष्ठजनों ने सविता रानी से आग्रह किया कि वे क्षेत्र के बच्चों के लिए मार्गदर्शक बनें। उनसे अनुरोध किया गया कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को सही दिशा और रणनीति बताएं, ताकि भविष्य में और अधिक युवा इस तरह की सफलताएं हासिल कर सकें।
शैक्षणिक और व्यावसायिक पृष्ठभूमि
गणित में एमएससी, KVS में TGT (साइंस) के पद पर कार्यरत
सविता रानी ने वर्ष 2011 में गणित विषय में एम.एससी. की डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा वे वर्ष 2007 से केन्द्रीय विद्यालय संगठन (KVS), दिल्ली में TGT (साइंस) के पद पर कार्यरत हैं।

PCS में 9 प्रयास, 4 बार सफलता
उन्होंने PCS परीक्षा के लिए कुल 9 बार प्रयास किया, जिनमें से 4 बार सफलता हासिल की। उनकी प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं:
- PCS 2017: ADPO
- PCS 2020: नायब तहसीलदार
- PCS 2022: सीनियर लेक्चरर (DIET)
- PCS 2024: रैंक 62 – ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर
परिवार के सहयोग को भी दिया गया श्रेय
इस अवसर पर सेक्टरवासियों ने उनके माता-पिता और विशेष रूप से उनके पति श्री राजकुमार के सहयोग की भी सराहना की। सभी ने माना कि उनके समर्थन और प्रोत्साहन ने सविता रानी की इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सेक्टर के लोगों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की प्रेरणादायक उपलब्धियां आगे भी मिलती रहेंगी और यहां के युवा उनसे प्रेरणा लेकर भविष्य में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
ये भी पढ़े…राजस्थान रॉयल्स की शानदार जीत से अंकतालिका में बड़ा उलटफेर, कैसे पहुंची टॉप पर? जानिए पूरा गणित…








