Delhi Ground Report: नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के शकूरपुर इलाके में शनिवार रात एक मामूली कहासुनी ने ऐसा खूनी रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। संजय पार्क के आसपास की तंग गलियों में रहने वाले लोग अब भी उस रात के खौफ से उबर नहीं पाए हैं। इस हिंसक झगड़े में 50 वर्षीय किराना दुकानदार राजकुमार की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
मौके पर क्या दिखा?
रविवार सुबह जब हमारी टीम घटनास्थल पर पहुंची, तो गली के बाहर अब भी खून के धब्बे साफ नजर आ रहे थे। आसपास खड़े लोग धीमी आवाज में घटना की चर्चा कर रहे थे। कई दुकानदारों ने बताया कि यह झगड़ा अचानक नहीं हुआ, बल्कि पिछले काफी समय से इलाके में तनाव का माहौल था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, राजकुमार की छोटी सी किराने की दुकान थी, जो उनके परिवार की आजीविका का इकलौता सहारा थी। रोज की तरह वह अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी कुछ युवक वहां आकर हंगामा करने लगे।
पास में रहने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि भैया (राजकुमार) ने बस इतना कहा था कि यहां गली में बहन-बेटियां भी रहती हैं, आप लोग हंगामा मत किया करो। बस इसी बात पर वो लोग भड़क गए। चश्मदीदों के अनुसार, पहले कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया। कुछ ही मिनटों में आरोपियों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार निकाल लिए और हमला कर दिया।
Delhi Ground Report: ताबड़तोड़ चाकू से वार
हमले के दौरान राजकुमार को निशाना बनाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन पर कई बार चाकू से वार किए गए। वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद से ही राजकुमार के घर पर मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि वो घर के इकलौते कमाने वाले थे। अब हमारे सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आगे घर कैसे चलेगा। परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावर कोई बाहरी नहीं, बल्कि उनके ही पड़ोस में रहने वाले लोग हैं, जो अक्सर नशे की हालत में गली में उत्पात मचाते थे।

पुलिस जांच में क्या सामने आया?
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 9:10 बजे PCR कॉल के जरिए झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हिंसक हो गया था। घटना के बाद पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके से सबूत जुटाए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। कुछ आरोपी खुद भी घायल बताए जा रहे हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी हालत सुधरते ही उनसे पूछताछ की जाएगी।
पुरानी रंजिश या अचानक भड़का गुस्सा?
शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश और पड़ोसियों के बीच पुरानी तनातनी से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद पूरे शकूरपुर इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक राजकुमार गुप्ता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावर अब खुलेआम उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। इतना ही नहीं, परिजनों का दावा है कि धमकियों में पूरे बनिया समाज को भी निशाना बनाते हुए डर और दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। इससे पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है। डरे-सहमे परिवार ने पुलिस से तत्काल सुरक्षा की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़े… बच्चों को अपने हाथों से मिड-डे मील परोसते दिखे CM योगी, तस्वीर ने जीता लोगों का दिल








