Balendra Shah: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों की झलक देखने को मिलेगी। अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह दोनों नेताओं को सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण दो मूर्तियां उपहार में भेंट करेंगे। खास बात यह है कि इस बार नेपाल की ओर से दिए जाने वाले उपहार पिछले प्रधानमंत्रियों की परंपरा से अलग होंगे। आमतौर पर नेपाल के प्रधानमंत्री भारत के शीर्ष नेताओं को प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर की प्रतिकृति भेंट करते रहे हैं, लेकिन बालेंद्र शाह ने इस बार अलग प्रतीकों को चुना है।
Balendra Shah: PM मोदी को क्या भेंट करेंगे बालेंद्र शाह?
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘रातो मच्छिंद्रनाथ’ की मूर्ति भेंट करेंगे। रातो मच्छिंद्रनाथ नेपाल के बेहद सम्मानित देवताओं में से एक हैं। खासतौर पर काठमांडू घाटी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में उनका महत्वपूर्ण स्थान है। स्थानीय किंवदंतियों के मुताबिक, लिच्छवी राजवंश के राजा नरेंद्र देव इस देवता को वर्तमान असम से काठमांडू घाटी लेकर आए थे। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, उस समय नेपाल भीषण सूखे और अकाल से जूझ रहा था। कहा जाता है कि रातो मच्छिंद्रनाथ के आगमन के बाद क्षेत्र में बारिश हुई, जिसके बाद स्थानीय लोगों के बीच उनकी धार्मिक मान्यता और मजबूत हो गई।
Balendra Shah: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मिलेगा यह खास तोहफा
बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को काठमांडू के चाबाहिल इलाके में स्थित प्राचीन बौद्ध मठ ‘चारुमति विहार’ से जुड़ी एक मूर्ति भेंट करेंगे। इस मठ का ऐतिहासिक संबंध मौर्य सम्राट अशोक और उनकी बेटी चारुमति से बताया जाता है। पारंपरिक कथाओं के अनुसार, सम्राट अशोक अपनी बेटी चारुमति के साथ काठमांडू घाटी पहुंचे थे। बाद में चारुमति ने देवपाल नाम के एक स्थानीय राजकुमार से विवाह किया और देवपाटन क्षेत्र में बस गईं। मान्यता है कि चारुमति ने ही इस बौद्ध मठ की स्थापना की थी। उन्होंने अपने जीवन का अंतिम समय भी यहीं बिताया था। यही वजह है कि चारुमति विहार नेपाल की ऐतिहासिक और बौद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है।
भारत और नेपाल के रिश्तों को मजबूत करने का संदेश
बालेंद्र शाह की ओर से चुने गए ये दोनों उपहार केवल औपचारिक भेंट नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए भारत और नेपाल की साझा सभ्यतागत विरासत को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इन उपहारों के माध्यम से दोनों देशों के बीच सदियों पुराने धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित करने की कोशिश होगी। यह संदेश भी दिया जाएगा कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल आधुनिक कूटनीतिक संबंधों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों की साझा परंपराओं और विरासत में उनकी गहरी जड़ें हैं।
यह भी पढ़े- यूपी चुनाव 2027: करीब 99 सीटों पर भाजपा विधायक पिछड़े, क्या कटेगा टिकट? पूरा सियासी गणित समझिए








