Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » यूपी पुलिस विभाग में पसरा मातम, बहन की शादी के बाद ड्यूटी पर लौटे ही सिपाही ने फंदे पर लटक कर दी जान

यूपी पुलिस विभाग में पसरा मातम, बहन की शादी के बाद ड्यूटी पर लौटे ही सिपाही ने फंदे पर लटक कर दी जान

मुरादाबाद पीएसी परिसर में सिपाही ने किया सुसाइड

UP News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां नौवीं पीएसी वाहिनी में तैनात एक सिपाही ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे पीएसी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है और साथी जवानों के साथ-साथ परिवारजन भी गहरे सदमे में हैं। मृतक सिपाही की पहचान विकास गौतम के रूप में हुई है, जो पीएसी में प्रशिक्षु सिपाहियों को ट्रेनिंग देने का कार्य कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित और अनुशासित जवान माने जाते थे।

अचानक खत्म हुई जिंदगी

ये घटना बीते दिन सोमवार सुबह की बताई जा रही है। विकास गौतम रोज़ की तरह प्रशिक्षण मैदान में पहुंचे और वहां मौजूद प्रशिक्षु सिपाहियों की गिनती (रोल कॉल) की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय उनके व्यवहार में किसी प्रकार की असामान्यता नजर नहीं आई। इसके बाद उन्होंने अपने साथियों से कपड़े बदलने की बात कही और अपने आवास की ओर चले गए। कुछ समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे, तो किसी को शक नहीं हुआ।

UP News: दरवाजा तोड़ने पर सामने आया मंजर

इसी बीच, उनके साथी सिपाही विपिन कुमार छुट्टी से लौटकर आवास पहुंचे। उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद अन्य जवानों को मौके पर बुलाया गया और सामूहिक प्रयास से दरवाजा तोड़ा गया। जैसे ही दरवाजा खुला, अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए विकास गौतम फंदे से लटके हुए थे। तुरंत उन्हें नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

परिवार में पसरा मातम

जानकारी के अनुसार, विकास गौतम ने हाल ही में 1 अप्रैल को अपनी दो बहनों की शादी पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से कराई थी। पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाने के बाद वह 3 अप्रैल को अपनी ड्यूटी पर वापस लौटे थे। शादी के कुछ ही दिनों बाद इस तरह की घटना ने परिवार को तोड़कर रख दिया है। परिजनों का कहना है कि वह सामान्य व्यवहार कर रहे थे और किसी प्रकार की परेशानी का संकेत नहीं दिया था। ऐसे में आत्महत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक सिटी, कुमार रण विजय सिंह का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है।

ये भी पढ़े… तरुण की तरह दिल्ली के शकूरपुर में राजकुमार गुप्ता को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला, बनिया समाज को खत्म करने की दी धमकी, पढ़े हमारी ये ग्राउंड रिपोर्ट…