Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। सत्तारूढ़ दल और विपक्षी पार्टियां चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं और मतदाताओं को साधने के लिए बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी रणनीति को धार देते हुए चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है, जिसे पार्टी ने इस बार ‘भरोसा पत्र’ नाम दिया है। दरअसल, कोलकाता में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बीजेपी का घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान मंच पर पार्टी का नारा भरोसे का शपथ प्रकाश, भय नहीं भरोसा लिखा गया था, जो पार्टी के चुनावी संदेश को दर्शाता है। बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में राज्य के विकास, कानून-व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों पर खास जोर दिया है।
खबर इंडिया के कैमरे पर क्या बोले मिथुन?
इस बीच बंगाल चुनाव की ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए पहुंची ‘खबर इंडिया’ की टीम ने मिथुन चक्रवर्ती से भी बातचीत की, जो इस चुनाव में बीजेपी के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। ‘डिस्को डांसर’ के नाम से मशहूर मिथुन चक्रवर्ती ने बीजेपी के घोषणापत्र को लेकर विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार राज्य में बदलाव तय है। उन्होंने आगे कहा कि इस बार परिवर्तन होना तय है। भारतीय जनता पार्टी ने जो-जो वादे किए हैं, वे सभी पूरे किए जाएंगे। उनके इस बयान को बीजेपी के आत्मविश्वास और चुनावी अभियान की मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है।
Video Link: BJP के मेनिफेस्टो को लेकर खबर इंडिया के कैमरे पर क्या बोले मिथुन दा?
Bengal Election: BJP के मेनिफेस्टों में क्या-क्या?
- घुसपैठ पर सख्ती से रोक लगाकर देश की सुरक्षा मजबूत करेंगे।
- पिछले 15 साल में तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की खराब हालत पर एक रिपोर्ट (White Paper) जारी करेंगे।
- सिंडिकेट राज और “कट मनी” को खत्म करेंगे।
- सरकारी कर्मचारियों और पेंशन पाने वालों को महंगाई भत्ता (DA) देंगे और 7वां वेतन आयोग लागू करेंगे।
- 5 साल में 1 करोड़ नई नौकरियां और रोजगार के मौके बनाएंगे, और बेरोजगार युवाओं को हर महीने ₹3000 देंगे।
- महिलाओं की सुरक्षा के लिए खास पुलिस बल बनाएंगे, 33% सरकारी नौकरियां महिलाओं को देंगे।
- महिलाओं को हर महीने ₹3000 की आर्थिक मदद देंगे।
- कुर्माली और राजबोंगशी भाषाओं को संविधान की 8वीं सूची में शामिल करेंगे।
- किसानों को धान, आलू और आम की खेती में मदद देंगे और उनकी फसल का सही दाम दिलाएंगे।
- सभी मछुआरों को सरकारी योजना में शामिल करेंगे और राज्य को इंडस्ट्री एवं मछली निर्यात का बड़ा केंद्र बनाएंगे।
- समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए कानून लाएंगे और पशु तस्करी पर सख्त कार्रवाई करेंगे।
- पुराने चाय बागानों में सुधार करेंगे, दार्जिलिंग चाय को बढ़ावा देंगे और जूट उद्योग को आधुनिक बनाएंगे।
- आयुष्मान भारत योजना लागू करेंगे, मुफ्त HPV टीका और कैंसर जांच की सुविधा देंगे, और नॉर्थ बंगाल में AIIMS, IIT, IIM बनाएंगे।
- “वंदे मातरम्” पर एक संग्रहालय बनाएंगे।
- हर व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने की पूरी आजादी देने के लिए कानून बनाएंगे।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। एक ओर जहां सत्ताधारी दल अपनी उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जा रहा है, वहीं बीजेपी बदलाव का नारा देकर मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘भरोसा पत्र’ और स्टार प्रचारकों के भरोसे बीजेपी बंगाल की सत्ता तक पहुंच पाती है या नहीं।
ये भी पढ़े… मिथुन दा को देखने पहुंचे आदिवासियों ने लगाए जय श्री राम के नारों से बदला माहौल!








