IPL 2026: डियन प्रीमियर लीग 2026 में शनिवार को खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 220 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा कर 6 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने आईपीएल इतिहास में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। टीम अब 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने वाली पहली टीम बन गई है, जिसने यह कारनामा 10वीं बार किया है। इस मामले में मुंबई इंडियंस दूसरे स्थान पर है, जबकि राजस्थान रॉयल्स तीसरे नंबर पर मौजूद है।
सनराइजर्स हैदराबाद की मजबूत बल्लेबाजी
महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। टीम को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने तेज बल्लेबाजी करते हुए महज 8.1 ओवर में 120 रन जोड़ दिए। अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों में 74 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 8 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। वहीं, ट्रेविस हेड ने 38 रन बनाए। इसके अलावा हेनरिक क्लासेन ने 39 और कप्तान ईशान किशन ने 27 रन का योगदान दिया।
IPL 2026: पंजाब की आक्रामक शुरुआत और मजबूत साझेदारियां
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत भी बेहद आक्रामक रही। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 99 रनों की तेज साझेदारी की। प्रियांश ने 20 गेंदों में 57 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन ने 51 रन जोड़े। इसके बाद टीम ने 10.2 ओवर में 128 रन बना लिए थे। मध्यक्रम में नेहल वढेरा और श्रेयस अय्यर ने मिलकर 69 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी से जीत पक्की
मैच के अंतिम चरण में कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने 33 गेंदों में 69 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को 18.5 ओवर में जीत दिलाई। उनके साथ शशांक सिंह ने भी अहम भूमिका निभाई और दोनों ने मिलकर टीम को 7 गेंद शेष रहते जीत दिलाई। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़े लक्ष्यों का पीछा करने में सबसे मजबूत टीमों में से एक है।
ये भी पढ़ें…Cashless Toll: देशभर में टोल भुगतान हुआ पूरी तरह डिजिटल, फास्टैग और यूपीआई अनिवार्य






