Delhi news: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) को आधुनिक बनाने के लिए एक बड़ी पहल का ऐलान किया है। इस योजना के तहत दिल्ली की चार ITI में नई अत्याधुनिक लैब्स स्थापित की जाएंगी और मौजूदा लैब्स को अपग्रेड किया जाएगा, ताकि स्टूडेंट्स को इंडस्ट्री के हिसाब से ट्रेनिंग मिल सके। इसका सीधा मकसद युवाओं की तकनीकी दक्षता बढ़ाना और उनकी रोजगार क्षमता को मजबूत करना है, जिससे वे बदलती तकनीक और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार हो सकें।
जहांगीरपुरी ITI में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब
इस पहल के तहत ITI जहांगीरपुरी में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब स्थापित की जाएगी, जहां पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा। लैब में PLC किट, VFD ट्रेनर, मोटर कंट्रोल पैनल, सोलर पीवी किट और स्मार्ट एनर्जी मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। इससे स्टूडेंट्स को इलेक्ट्रिकल सिस्टम्स के संचालन, खराबी की पहचान और मेंटेनेंस का प्रैक्टिकल अनुभव मिलेगा, जिससे वे इंडस्ट्री के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो पाएंगे।
Delhi news: जेल रोड ITI में वेल्डर लैब अपग्रेड
इसके अलावा, ITI जेल रोड (हरि नगर) में वेल्डर लैब का बड़े स्तर पर आधुनिकीकरण किया जाएगा। यहां आधुनिक वेल्डिंग मशीनें, सिमुलेशन आधारित ट्रेनिंग और फैब्रिकेशन टूल्स उपलब्ध कराए जाएंगे। अपग्रेडेड लैब में MIG/TIG वेल्डिंग, प्लाज्मा कटिंग, गैस कटिंग और वेल्डिंग सिमुलेटर जैसी सुविधाएं होंगी, जिससे स्टूडेंट्स को आधुनिक औद्योगिक प्रक्रियाओं की बेहतर समझ मिलेगी और उनकी स्किल्स के साथ-साथ सेफ्टी अवेयरनेस भी बढ़ेगी।
Delhi news: निजामुद्दीन ITI में हाई-टेक ऑटो लैब्स
आईटीआई अरब की सराय (निजामुद्दीन) में ऑटोमोटिव सेक्टर की लैब्स को भी हाई-टेक बनाया जाएगा। यहां वर्चुअल रियलिटी (VR) सिमुलेटर के जरिए ड्राइविंग, वेल्डिंग और पेंटिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे स्टूडेंट्स को सुरक्षित और रियलिस्टिक माहौल में सीखने का मौका मिलेगा। साथ ही ABS और एयरबैग जैसी आधुनिक वाहन तकनीकों पर विशेष मॉड्यूल तैयार किए जाएंगे, ताकि प्रशिक्षु नई पीढ़ी के वाहनों की मरम्मत और तकनीकी जांच में दक्ष बन सकें।
मयूर विहार ITI में EV लैब
मयूर विहार स्थित HJB ITI में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) लैब स्थापित की जाएगी, जो ग्रीन ट्रांसपोर्ट और भविष्य की ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी पर केंद्रित होगी। इस लैब में बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रिक मोटर्स और चार्जिंग स्टेशन से जुड़ी तकनीकों की ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे स्टूडेंट्स को इलेक्ट्रिक वाहनों की असेंबली, टेस्टिंग और रिपेयर का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा, जिससे वे तेजी से बढ़ती EV इंडस्ट्री में रोजगार के लिए तैयार हो सकेंगे।
स्किल डेवलपमेंट को मिलेगा बढ़ावा
Delhi news: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल युवाओं को रोजगारपरक और उद्योगोन्मुखी कौशल देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इन आधुनिक लैब्स के जरिए स्टूडेंट्स को न केवल तकनीकी ज्ञान मिलेगा, बल्कि उन्हें वास्तविक इंडस्ट्री जैसा अनुभव भी प्राप्त होगा। यह कदम ‘स्किल इंडिया’ के विजन को आगे बढ़ाने के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ये भी पढ़े: तमिलनाडु चुनाव 2026: विजय का बड़ा दांव, महिलाओं और युवाओं के लिए कई बड़े वादे








