Nasha Mukti: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 72वीं बटालियन ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया। ‘नागरिक कार्य कार्यक्रम 2025-26’ के तहत आयोजित इस ‘नशा मुक्ति अभियान’ का उद्देश्य युवाओं और स्थानीय नागरिकों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। यह कार्यक्रम नौशेरा स्थित क्राइस्ट हाई स्कूल में बड़े उत्साह और सहभागिता के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन और नेतृत्व
इस अभियान का उद्घाटन 72वीं बटालियन के कमांडेंट जितेंद्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में सेकंड कमांडेंट नीरज कुमार सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कमांडेंट कपिल देव, असिस्टेंट कमांडेंट तेजा राम चौधरी सहित कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे। इसके अलावा स्कूल के प्रिंसिपल सुजीत मैथ्यू, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
Nasha Mukti: युवाओं को जागरूक करने पर विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशीले पदार्थ न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि व्यक्ति के भविष्य को भी अंधकारमय बना देते हैं। छात्रों और युवाओं को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
सामग्री वितरण और सम्मान कार्यक्रम
अभियान के तहत प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए निकोटीन गम, ओआरएस, टी-शर्ट, टोपी, टॉफी, चॉकलेट और जागरूकता पर्चे वितरित किए गए। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित लोगों और विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया, जिससे उनके भीतर सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिला।
Nasha Mukti: सीआरपीएफ की सामाजिक जिम्मेदारी और सराहना
मीडिया से बातचीत में सेकंड कमांडेंट नीरज कुमार सिंह ने कहा कि सीआरपीएफ केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज के लिए बेहद लाभकारी हैं और भविष्य में भी इनका आयोजन जारी रहना चाहिए।








