GT vs KKR: गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच आईपीएल 2026 का 25वां मैच शुक्रवार को खेला जाएगा। इस मुकाबले में KKR की कोशिश होगी कि वह इस सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज करे। यह मैच अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
आईपीएल 2026 में अब तक केकेआर ने कुल 5 मैच खेले हैं, लेकिन इनमें से उसे 4 मैचों में हार मिली है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम को इस सीजन में अब तक सिर्फ 1 अंक मिला है, जो पंजाब किंग्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में बारिश के कारण मैच रद्द होने से मिला था।

केकेआर की टीम स्थिति और खिलाड़ियों पर नजर
केकेआर की बल्लेबाजी में कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं गेंदबाजी में वैभव अरोड़ा और सुनील नरेन टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं। फिन एलेन अब तक उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, इसलिए यह देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या टीम गुजरात के खिलाफ टिम सीफर्ट को मौका देती है या नहीं।
टीम के लिए एक बड़ी परेशानी यह भी है कि मथीशा पथिराना को एनओसी मिलने के बावजूद वह अभी तक टीम से नहीं जुड़ पाए हैं और इस मैच में भी उपलब्ध नहीं होंगे।

गुजरात टाइटंस की स्थिति
गुजरात टाइटंस अपना अगला मैच घरेलू मैदान पर खेलने उतरेगी। टीम ने अब तक 4 में से 2 मैच गंवाए हैं और अंक तालिका में छठे स्थान पर है। शुरुआत में गुजरात को पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार मिली थी, लेकिन इसके बाद टीम ने वापसी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ जीत हासिल की।
इस मैच में गुजरात को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन से बड़ी उम्मीदें होंगी। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान टीम को मजबूती देते हैं।

GT vs KKR: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
गुजरात टाइटंस और केकेआर के बीच अब तक कुल 5 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गुजरात ने 3 मैच जीते हैं, जबकि केकेआर को सिर्फ 1 जीत मिली है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला।
मैच से जुड़ी जरूरी जानकारी
गुजरात और केकेआर का यह आईपीएल 2026 मुकाबला 17 अप्रैल (शुक्रवार) को खेला जाएगा।यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे होगा।इस मैच का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स चैनलों पर किया जाएगा। साथ ही इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर देखी जा सकेगी।
संभावित प्लेइंग-11
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, शाहरुख खान, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा।
केकेआर: फिन एलेन, सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, रोवमैन पॉवेल, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी।
ये भी पढ़े…कौन हैं IPL 2026 के बीच मुंबई इंडियंस से जुड़ने वाले कृष भगत?








