Harbhajan Singh: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह से पंजाब सरकार ने सुरक्षा वापस ले ली है। हरभजन सिंह के पीए ने उनकी सुरक्षा वापस लिए जाने की जानकारी दी है। हरभजन सिंह के पीए मनदीप सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार ने पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद की सुरक्षा वापस ले ली है।
घर के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी हटे
राज्य सरकार के इस फैसले के बाद हरभजन सिंह के जालंधर स्थित घर के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी हटा लिए गए हैं। हरभजन सिंह को आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब से राज्यसभा में भेजा था। हाल ही में राज्यसभा सांसद राघव चड्डा ने आम आदमी पार्टी छोड़ भाजपा का दामन थामा है। चड्डा ने कहा था कि उनके साथ भाजपा में शामिल होने वाले उनके सहित 7 राज्यसभा सांसद हैं। ये सभी सांसद आप के हैं। इन 7 सांसदों में उन्होंने हरभजन सिंह का नाम भी लिया था। राघव चड्डा द्वारा हरभजन सिंह के आप छोड़ने और भाजपा ज्वाइन करने के दावों के बीच पंजाब सरकार ने पूर्व स्टार क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद की सुरक्षा वापस ले ली है।
Harbhajan Singh: पंजाब सरकार ने दी थी जेड प्लस सुरक्षा
हरभजन को पंजाब सरकार से जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई थी। राघव चड्डा के साथ 7 सांसदों के आप छोड़ने और भाजपा में शामिल होने की खबर आने के बाद आम आदमी पार्टी बौखला गई है। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राघव चड्डा, हरभजन सिंह और अन्य सांसदों पर हमला बोला है। कार्यकर्ता भी हमलावर हैं। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को हरभजन सिंह, अशोक मित्तल और राजिंदर गुप्ता के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। हरभजन सिंह के घर के बाहर की चारदीवारी पर आप कार्यकर्ताओं ने ‘स्प्रे पेंट’ से ‘गद्दार’ लिखा था। आप छोड़ने वाले अन्य कई सांसदों के घरों पर भी अपशब्द लिखे गए थे। इस पूरे प्रकरण पर हरभजन सिंह ने अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।
ये भी पढ़े… लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं… यूएस में कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर फायरिंग घटना पर बोले PM मोदी








