Home » नई दिल्ली » दिल्ली में युवक की हत्या पर गरजे तेजस्वी यादव बोले- ‘भाजपा सरकार में ‘बिहारी’ होना सबसे बड़ा अपराध’

दिल्ली में युवक की हत्या पर गरजे तेजस्वी यादव बोले- ‘भाजपा सरकार में ‘बिहारी’ होना सबसे बड़ा अपराध’

तेजस्वी यादव rekha gupta
तेजस्वी यादव rekha gupta

Delhi Crime: राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली में बिहार के खगड़िया निवासी पांडव कुमार की हत्या को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पांडव कुमार की सिर्फ इसलिए गोली मारकर हत्या कर दी गई क्योंकि वह ‘बिहारी’ था। ‘बिहारी होने के अपराध’ में ही उसका दोस्त कृष्ण जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

भाजपा बिहारियों के लिए काल बन चुकी

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में जिस जगह ‘बिहारी’ जानकर गोली मारी गई है, वहां निगम पार्षद, विधायक, सांसद भाजपा के हैं। उन्होंने आगे लिखा कि यही नहीं, सीएम भी भाजपा की हैं, बिहार सीएम भी भाजपा के हैं और आधा दर्जन ‘निष्क्रिय बड़बोले’ केंद्रीय मंत्री बिहार के, उपराज्यपाल भाजपा के, गृहमंत्री और प्रधानमंत्री भी भाजपा के हैं। भाजपा बिहारियों के लिए काल बन चुकी है। राजद नेता ने सवालिया लहजे में कहा कि क्या इन भाजपाइयों में किसी में हिम्मत है कि एक गरीब मेहनतकश बिहारी की हत्या करने वाले उस हत्यारे पुलिसकर्मी को सजा दिलवा सके? उन्होंने कहा कि असल में, 21 वर्षों की नीतीश-भाजपा की खराब नीतियों के कारण बिहारवासियों को मजबूरन दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है, और दूसरे राज्यों की भाजपा सरकार और प्रशासन मेहनतकश बिहारियों को सम्मान नहीं बल्कि शक, नफरत और हीनभावना की नजर से देखती है।

Delhi Crime: प्रवासी बिहारी प्रताड़ना के शिकार

उन्होंने आगे कहा कि हर बार बिहारी पर अत्याचार होता है, प्रवासी बिहारी प्रताड़ना के शिकार होते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आने वाली जिस दिल्ली पुलिस पर लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी ने ‘बिहारी होने’ मात्र से अपराधी मान लिया और गोली मार दी। इससे अधिक निंदनीय घटना क्या हो सकती है? बड़बोले एनडीए नेता इस घटना पर बिल में छिपे हुए हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराकर बिहारियों को प्रताड़ित करने वाले दोषियों पर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग सरकार से की है। उन्होंने कहा कि यह घटना बिहार और बिहारवासियों के सम्मान पर आघात है, इसलिए न्याय चाहिए और अभी अविलंब चाहिए।

ये भी पढ़े… मोहन भागवत बोले- सबकी भागीदारी से बना राम मंदिर, अब ‘राम राज्य’ की जिम्मेदारी समाज की