Satya Nadella: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) यानी कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। आज छोटी कंपनियों से लेकर बड़ी कंपनियां तक अपने कई कामों के लिए एआई की मदद ले रही हैं। हालांकि, इसके बढ़ते इस्तेमाल के साथ लोगों के मन में नौकरी जाने का डर भी बढ़ रहा है। आईटी सेक्टर में बड़े स्तर पर हुई छंटनी ने इस चिंता को और बढ़ा दिया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या आने वाले समय में एआई इंसानों की जगह ले लेगा?इसी बीच माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला ने एआई के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर महत्वपूर्ण चेतावनी दी है। उनका कहना है कि दुनिया को पूरी तरह एआई के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने इसके संभावित खतरों के साथ ही उनसे बचने के तरीके भी बताए हैं।अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में आयोजित ‘माइक्रोसॉफ्ट इग्नाइट 2026’ कार्यक्रम में सत्य नडेला ने एआई के बढ़ते प्रभाव और भविष्य में इसके असर पर अपनी बात रखी। एक तरफ एंथ्रोपिक, गूगल और ओपनएआई जैसी कंपनियां लगातार नए और आधुनिक एआई मॉडल पेश कर रही हैं, तो दूसरी तरफ नडेला ने इसके इस्तेमाल को लेकर संतुलन बनाए रखने की जरूरत बताई है।
Satya Nadella: सिर्फ एआई से नहीं चल सकती दुनिया की अर्थव्यवस्था
सत्य नडेला के मुताबिक, अगर एआई इंसानी कर्मचारियों की जगह लेने लगा तो इसका असर केवल नौकरियों में कटौती या बेरोजगारी तक सीमित नहीं रहेगा। इससे देशों की अर्थव्यवस्था और लोकतांत्रिक व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था को मजबूत अर्थव्यवस्था नहीं कहा जा सकता, जहां केवल पैसा और पूंजी हो, लेकिन काम करने वाले इंसानों की भूमिका खत्म हो जाए।नडेला ने चेताया कि अगर मशीनें ही ज्यादातर काम करने लगेंगी तो आम लोगों के रोजगार के अवसर कम हो जाएंगे। इससे लोगों की कमाई प्रभावित होगी और उनकी खरीदारी करने की क्षमता भी घट जाएगी। जब आम नागरिकों के पास पैसा और आर्थिक ताकत नहीं होगी तो इसका सीधा असर लोकतांत्रिक देशों की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।उन्होंने इस स्थिति की तुलना वैश्वीकरण के उस दौर से की, जब आउटसोर्सिंग के कारण कई देशों के स्थानीय उद्योग धीरे-धीरे कमजोर हो गए थे।
क्या हैं एआई के सबसे बड़े खतरे?
सत्य नडेला का मानना है कि एआई का सबसे बड़ा खतरा केवल इसके आधुनिक मॉडल या नए ऐप नहीं हैं। असली चिंता इस बात की है कि दुनिया की डिजिटल ताकत कुछ गिनी-चुनी एआई कंपनियों के हाथों में सिमट सकती है।उन्होंने कहा कि अगर कुछ कंपनियों का डिजिटल संसाधनों और तकनीक पर पूरा नियंत्रण हो गया तो वे दुनिया के बड़े हिस्से को प्रभावित करने की ताकत हासिल कर सकती हैं।इसके अलावा, आधुनिक एआई मॉडल की क्षमताएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में अगर दुनिया का ज्यादातर ज्ञान और जानकारी कुछ चुनिंदा एआई मॉडल तक सीमित हो गई तो दूसरी कंपनियों और उनमें काम करने वाले कर्मचारियों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इससे कई लोगों की नौकरियों और काम करने की भूमिका पर भी खतरा पैदा हो सकता है।
Satya Nadella: एआई से जैविक हमले और साइबर अटैक का भी खतरा
इससे पहले एंथ्रोपिक ने भी एक रिपोर्ट जारी कर एआई के संभावित खतरों के बारे में जानकारी दी थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि एआई का गलत इस्तेमाल जैविक हथियार बनाने और खतरनाक हमलों की योजना तैयार करने में किया जा सकता है।इसके अलावा, एआई की मदद से खतरनाक वायरस फैलाने, साइबर हमले करने और स्पाइवेयर भेजने जैसी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सकता है। इसका इस्तेमाल गलत जानकारी और प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए भी हो सकता है।इस तरह एआई का दुरुपयोग केवल डिजिटल दुनिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे दुनियाभर की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं।
एआई के खतरों से बचने के लिए सत्य नडेला ने क्या सलाह दी?
सत्य नडेला ने भविष्य में एआई से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए कंपनियों को एक नया तरीका अपनाने की सलाह दी है। उन्होंने इसे ‘टोकन कैपिटल’ का नाम दिया।उनके मुताबिक, हर कंपनी के पास अपने कर्मचारियों की विशेषज्ञता और अनुभव के साथ-साथ अपनी एआई तकनीक भी होनी चाहिए। कंपनियों को पूरी तरह बाहरी एआई मॉडल पर निर्भर रहने के बजाय अपने जरूरत के अनुसार कम खर्च वाले एआई मॉडल विकसित करने पर ध्यान देना चाहिए।इससे कंपनियां अपने डेटा और डिजिटल संसाधनों पर खुद नियंत्रण रख सकेंगी और उन्हें दूसरी कंपनियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
Satya Nadella: एआई के साथ इंसानों की भूमिका भी होगी अहम
सत्य नडेला का मानना है कि जैसे-जैसे कंपनियों की अपनी एआई क्षमता बढ़ेगी, वैसे-वैसे कर्मचारियों और इंसानी समझ की अहमियत भी बढ़नी चाहिए। एआई का उद्देश्य इंसानों को पूरी तरह हटाना नहीं, बल्कि उनके साथ मिलकर काम करना होना चाहिए।उन्होंने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट भी इसी सोच के साथ अपने नए टूल्स पेश कर रहा है। इनकी मदद से स्टार्टअप से लेकर बड़ी कंपनियां तक अपनी जरूरत के मुताबिक खुद का एआई सिस्टम चला सकेंगी।इसका मकसद कंपनियों को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाना और इंसानों तथा एआई के बीच बेहतर तालमेल तैयार करना है, ताकि दोनों मिलकर भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें।








