Bengal Election Voting: दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए। क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों से गड़बड़ी, EVM से कथित छेड़छाड़ और सुरक्षा बलों की कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है।
EVM पर टेप लगाने का आरोप
भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार देबांशु पांडा ने दावा किया है कि फाल्टा के 177 नंबर बूथ पर EVM मशीन के बटन पर टेप लगाया गया था, जिससे मतदान प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे मौके पर पहुंचे और EVM की जांच करना चाहा तो उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी गई। देबांशु पांडा ने इस पूरे मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनके अनुसार, यह गंभीर अनियमितता है, जो चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती है।
TMC का जलवा यह है कि लाखों अर्धसैनिक बल की उपस्थिति के बाद भी डायमंड हार्बर क्षेत्र के एक बूथ पर भाजपा के नाम पर टेप साटा हुआ है। कितनी गजब की स्थिति है। प्रत्याशी जहाँ जा रहा है, वहाँ तो देख लेगा, पर बाकी जगह?
वीडियो: सुधानिधि बंधोपाध्याय pic.twitter.com/DfhXp7Xbqd
— Ajeet Bharti (@ajeetbharti) April 29, 2026
सूत्रों के अनुसार, चुनाव आयोग ने इस शिकायत को संज्ञान में ले लिया है। आयोग ने कहा है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित बूथ पर पुनर्मतदान (re-polling) कराए जाने पर विचार किया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर इस मामले की रिपोर्ट तलब की गई है।
Bengal Election Voting: 186 नंबर बूथ के पास लाठीचार्ज से तनाव
इसी विधानसभा क्षेत्र के बेलसिंघा इलाके स्थित 186 नंबर बूथ के पास उस समय स्थिति बिगड़ गई जब बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में जमा हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और मतदान प्रक्रिया जारी रखी गई। वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर विपक्षी नेताओं ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेता और पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वे पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और चुनाव आयोग से लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने दावा किया है कि इस मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय तक पहुंचाई गई है। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा भी की गई है।
ये भी पढ़े… योगी के ‘सिंघम’ IPS अजय पाल शर्मा को बंगाल चुनाव की ड्यूटी से हटाने की मांग








