UP News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात में 22 वर्षीय दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना खेतासराय थाना क्षेत्र में हुई, जहां शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। पुलिस के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी रामलखन बिंद के बेटे आजाद की शुक्रवार को शादी थी। वह पुणे में एक निजी कंपनी में काम करता था। रात करीब 8 बजे उसकी बारात बीबीपुर गांव के लिए निकली थी, जिसमें तीन गाड़ियां शामिल थीं। करीब 9 बजे मनेछा गांव के पास दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे की कार को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। दूल्हे आजाद को पेट में दो और जबड़े पर एक गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी का बयान
दूल्हे के छोटे भाई आकाश के मुताबिक, घटना के समय आजाद मोबाइल फोन देख रहा था। अचानक बदमाशों ने कार रोककर फायरिंग कर दी। हमले के दौरान कार चालक जान बचाकर मौके से भाग गया। पीछे चल रही बारात की अन्य गाड़ियों में सवार परिजन जब मौके पर पहुंचे, तो आजाद खून से लथपथ मिला। उसे तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक के पिता रामलखन बिंद ने बताया कि करीब तीन साल पहले जपतापुर गांव के लगभग 30 लोगों ने उन्हें और उनके बेटे को बुरी तरह पीटा था। इस हमले में उनके हाथ-पैर तक टूट गए थे। उन्होंने उस समय मामला दर्ज कराया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार को आशंका है कि यह हत्या उसी रंजिश का नतीजा हो सकती है।

UP News: शादी की खुशियों के बीच हुई वारदात
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
घटना के बाद समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। शादी की खुशियों के बीच हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
ये भी पढ़े… ‘लड़कों की शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी से खुश हूं…’ RR पर जीत के बाद बोले डीसी के कप्तान अक्षर पटेल








