AAP News: आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक बड़ी कानूनी अड़चन में फंस सकते हैं। संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके चलते पंजाब पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। शनिवार को आई रिपोर्टों के मुताबिक, गैर-जमानती अपराधों के तहत पंजाब के दो जिलों में संदीप पाठक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
पंजाब पुलिस कर सकती है कार्रवाई
इन मामलों में पंजाब पुलिस किसी भी समय कार्रवाई कर सकती है। वहीं, गिरफ्तारी की संभावनाओं के बीच राज्यसभा सांसद संदीप पाठक को दिल्ली स्थित अपने घर से गाड़ी में बैठकर बाहर निकलते हुए देखा गया है। हालांकि, गौरतलब है कि संदीप पाठक के खिलाफ गैर-जमानती अपराधों में एफआईआर उस समय हुई है, जब वे आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। संदीप पाठक ने राघव चड्ढा और अशोक मित्तल के साथ भाजपा ज्वाइन की। इसके अलावा, क्रिकेटर हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, स्वाति मालीवाल और विक्रमजीत साहनी भी आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। स्वाति मालीवाल को छोड़कर बाकी छह सांसद राज्यसभा में पंजाब का प्रतिनिधित्व करते हैं, जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होंगे। 7 सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद राज्यसभा में आम आदमी पार्टी की सीटों की संख्या भी 10 से घटकर 3 रह गई।

AAP News: सांसदों को बताया था ‘गद्दार’
आम आदमी पार्टी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी छोड़ने वाले सांसदों को ‘गद्दार’ कहा था। उन्होंने कहा कि जिन सांसदों ने जनता के जनादेश का अपमान किया है, वे किसी भी तरह की दया के पात्र नहीं हैं, क्योंकि वे पंजाब और पंजाबियों के गद्दार हैं। इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान 5 मई को राष्ट्रपति से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री मान ने 29 अप्रैल को बताया कि उन्हें राष्ट्रपति भवन से मुलाकात का समय मिल चुका है। वे 5 मई को राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।
ये भी पढ़े… जौनपुर में दिनदहाड़े बारात लेकर जा रहे दूल्हे की हत्या, जांच में जुटी पुलिस








