UP News: लखनऊ से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां पुलिस मुख्यालय में तैनात एक एएसआई ने आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को उनका शव सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अहिमामऊ गांव स्थित किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे सूचना मिलने पर पुलिस ने तोड़कर शव को बाहर निकाला। मौके से चार पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। मृतक की पहचान 34 वर्षीय सतेंद्र वर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फतेहपुर जिले के तामेश्वर नगर के रहने वाले थे। वह पुलिस मुख्यालय में तैनात थे और लखनऊ में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे थे।
भाई की सूचना पर खुला मामला
परिजनों के अनुसार, पिछले दो दिनों से सतेंद्र का फोन बंद आ रहा था, जिससे उन्हें चिंता हुई। शुक्रवार को उनके भाई देवेंद्र वर्मा कमरे पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद यह मामला सामने आया। वहीं मृतक की मां सुखरानी देवी ने एक युवती और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करीब डेढ़ साल पहले सतेंद्र की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए वैदिका मिश्रा नाम की युवती से हुई थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिवार के विरोध के चलते रिश्ता टूट गया। मां का आरोप है कि इसके बाद युवती सतेंद्र से पैसों की मांग करने लगी और उसके परिजन उन्हें जान से मारने की धमकी देते थे।

UP News: सुसाइड नोट में क्या लिखा?
पुलिस को मौके से मिला सुसाइड नोट कई सवाल खड़े कर रहा है। इसमें सतेंद्र ने लिखा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे और सभी से माफी मांगी है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2014 में भी वह कठिन दौर से गुजरे थे, लेकिन तब आत्महत्या का विचार नहीं आया था। हालांकि, नोट में उन्होंने स्पष्ट लिखा है कि उनकी मौत के लिए कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार नहीं है।
मामले में सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सुसाइड नोट और मोबाइल फोन की जांच के आधार पर पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।
ये भी पढ़े… AAP पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुए संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में दो FIR, गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पहुंची टीम








