Home » Uncategorized » इंदौर में बहुमंजिला इमारत में आग, एसी शॉर्ट सर्किट से हादसा

इंदौर में बहुमंजिला इमारत में आग, एसी शॉर्ट सर्किट से हादसा

MP News

Indore Fire: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी नगर में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। बालाजी हाइट्स के फ्लैट क्रमांक 611 में दोपहर करीब चार बजकर सैंतीस मिनट पर अचानक आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दस हजार लीटर पानी की मदद से आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एयर कंडीशनर में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

घर बंद था, एसी चालू रह गया

जानकारी के अनुसार यह फ्लैट बैंक कर्मचारी कुलदीप पाटीदार का है, जो अपने परिवार के साथ यात्रा पर गए हुए हैं। उन्होंने घर की चाबी पड़ोसी को सौंप रखी थी। बताया जा रहा है कि घर से निकलते समय एसी चालू रह गया था। इसी दौरान एसी में स्पार्क हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया।

Indore Fire: दमकल कर्मियों के सामने आई चुनौती

छठी मंजिल पर आग लगने के कारण दमकल टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ऊंचाई पर आग बुझाने के लिए आधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म जैसी मशीनों की कमी सामने आई। ऐसे में दमकल कर्मियों को कई पाइप जोड़कर ऊपर तक पानी पहुंचाना पड़ा। सीमित संसाधनों के बावजूद टीम ने कड़ी मेहनत कर आग पर नियंत्रण पा लिया और बड़े हादसे को टाल दिया।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

शहर में शॉर्ट सर्किट और लापरवाही के कारण आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई इमारतों में इसी तरह के हादसे सामने आ चुके हैं। हाल ही में एक अन्य बहुमंजिला इमारत में इलेक्ट्रिक उपकरण के ओवरहीट होने से आग लग गई थी। हालांकि इन घटनाओं में जनहानि नहीं हुई, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ।

Indore Fire: एसी उपयोग में बरतें सावधानी

विशेषज्ञों का कहना है कि एसी का उपयोग करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। कंप्रेसर को छांव में रखना चाहिए और उसके आसपास पर्याप्त वेंटिलेशन होना चाहिए। एयर फिल्टर और कूलिंग कॉइल्स की नियमित सफाई करनी चाहिए। समय-समय पर सर्विसिंग कराना और वोल्टेज से बचाव के लिए अच्छा स्टेबलाइजर लगाना जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसे को टाल सकती है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments