IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 47वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ मुंबई की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बनी हुई हैं।
मुंबई इंडियंस ने अब तक 10 में से सिर्फ 3 मैच जीते हैं और टीम 9वें स्थान पर है। दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। टीम ने 9 में से 7 मुकाबले गंवाए हैं और वह अंक तालिका में सबसे नीचे है।

लखनऊ ने खड़ा किया बड़ा स्कोर
सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने 2.3 ओवर में 29 रन जोड़े। इंग्लिस 5 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हो गए।
मार्श और पूरन की तूफानी साझेदारी
इसके बाद मार्श ने निकोलस पूरन के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 94 रन जोड़े और टीम का स्कोर 123 तक पहुंचाया।
पूरन ने सिर्फ 21 गेंदों में 63 रन ठोक दिए, जिसमें 8 छक्के और 1 चौका शामिल रहा। वहीं मार्श ने 25 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 4 चौके लगाए।

मार्करम और हिम्मत सिंह ने दिलाई मजबूत फिनिश
इसके बाद एडेन मार्करम ने पारी को संभाला। उन्होंने कप्तान ऋषभ पंत (15 रन) के साथ 23 रन जोड़े।फिर हिम्मत सिंह के साथ मिलकर 47 गेंदों में 68 रन की नाबाद साझेदारी की। मार्करम 31 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि हिम्मत सिंह 40 रन पर नाबाद लौटे और टीम को 228 तक पहुंचाया।
IPL 2026: मुंबई के गेंदबाजों का प्रदर्शन
मुंबई इंडियंस की ओर से कॉर्बिन बॉश ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। वहीं एएम गजनफर, विल जैक्स और रघु शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने शानदार शुरुआत दिलाई।दोनों ने पहले विकेट के लिए 10.5 ओवर में 143 रन जोड़े और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

रिकेल्टन और रोहित की विस्फोटक पारियां
रिकेल्टन ने 32 गेंदों में 83 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 6 चौके शामिल थे। इसके बाद रोहित शर्मा ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 34 रन जोड़े।रोहित ने 44 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 6 चौके लगाए।
तिलक वर्मा 11 रन बनाकर आउट हुए। वहीं हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार यादव ने 12 रन बनाए। मुंबई का चौथा विकेट 17.4 ओवर में 213 रन पर गिरा।इसके बाद नमन धीर (नाबाद 23) और विल जैक्स (नाबाद 10) ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को 8 गेंद बाकी रहते जीत दिला दी।
लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से मणिमारन सिद्धार्थ ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। वहीं मोहम्मद शमी और मोहसिन खान को 1-1 सफलता मिली।
ये भी पढ़ें…केरल में UDF की ऐतिहासिक वापसी, कांग्रेस बनी सबसे बड़ी पार्टी; LDF का किला ढहा








