Kolkata DCP: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) शांतनु सिन्हा बिस्वास के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है। एजेंसी को आशंका है कि वह देश छोड़कर जा सकते हैं। यह कार्रवाई चर्चित ‘सोना पप्पू सिंडिकेट’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। जानकारी के अनुसार, ED ने हाल ही में शांतनु सिन्हा बिस्वास के आवास और कई अन्य ठिकानों पर छापेमारी की थी। गोलपार्क स्थित उनके घर सहित दक्षिण कोलकाता के कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की गई।
‘सोना पप्पू’ पर गंभीर आरोप
मामले का मुख्य आरोपी ‘सोना पप्पू’ एक रियल एस्टेट डेवलपर और हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट समेत 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि उसने फ्लैट दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये वसूले, लेकिन न तो फ्लैट दिए और न ही पैसे लौटाए। अप्रैल 2026 में ED ने कोलकाता के आनंदपुर, अलीपुर और अन्य इलाकों में पप्पू के सहयोगियों और उससे जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी।
Kolkata DCP: क्या था मामला?
फरवरी में गोलपार्क इलाके की कंकुलिया रोड पर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें बमबाजी, फायरिंग और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आई थीं। इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ‘सोना पप्पू’ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवकों ने इलाके में दबदबा कायम करने के लिए हमला किया। जवाबी कार्रवाई में दूसरे गुट ने भी पलटवार किया। बताया जाता है कि ‘सोना पप्पू’ ने 2010-11 के आसपास निर्माण व्यवसाय में कदम रखा और तभी से उसका आपराधिक गतिविधियों से संबंध रहा है।
• 2015 में बालीगंज रेल यार्ड पर कब्जे की कोशिश को लेकर उसका विवाद सामने आया
• 2017 में इलाके के वर्चस्व की लड़ाई में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था
हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई थी।
राजनीतिक कनेक्शन भी चर्चा में
शांतनु सिन्हा बिस्वास को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का करीबी माना जाता है। हाल ही में उन्हें राज्य सरकार के धरने के दौरान मुख्यमंत्री के मंच पर भी देखा गया था। उस समय कोलकाता पुलिस ने स्पष्ट किया था कि वह सुरक्षा व्यवस्था के तहत वहां मौजूद थे। फिलहाल ED की जांच जारी है और इस मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़े… भाजपा ने अमित शाह को बनाया पश्चिम बंगाल का केंद्रीय पर्यवेक्षक, जेपी नड्डा को सौंपा असम का जिम्मा








