UP News: कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब टेढ़ीमोड़ चौराहे पर एक पूर्व प्रधान पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पूर्व प्रधान को सरेआम घसीटकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक फरार है।
क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, पल्टीपुर निवासी और पूर्व प्रधान नरेश सोनकर मंगलवार दोपहर टेढ़ीमोड़ चौराहे पर बैठे थे। इसी दौरान करीब दो बजे सत्यम, अंगद और पंकज मौके पर पहुंचे और अचानक हमला बोल दिया। तीनों आरोपियों ने नरेश को पकड़कर जमीन पर गिराया और लाठी-डंडों व रॉड से ताबड़तोड़ वार किए। घटना के दौरान चौराहे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने पर करीब 100 मीटर दूर स्थित पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अंगद और पंकज को मौके से ही दबोच लिया, जबकि मुख्य आरोपी सत्यम फरार हो गया।

UP News: सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
गंभीर रूप से घायल नरेश सोनकर को तुरंत सिराथू सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ है और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। इस हमले का करीब 12 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों को पूर्व प्रधान पर लगातार डंडे बरसाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में तेजी दिखाई।
वहीं इस मामले में सीओ सिराथू सत्येन्द्र तिवारी ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर यह हमला किया गया। पीड़ित की तहरीर पर थाना कोखराज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़े… भाजपा की जीत पर राहुल गांधी का तंज बोले- ‘हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता, क्या उन्हें घुसपैठिया कहे’








