Breaking News
Home » पश्चिम बंगाल » बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या, घर लौटते समय स्कॉर्पियो रोककर बरसाईं गोलियां, इलाके में दहशत

बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या, घर लौटते समय स्कॉर्पियो रोककर बरसाईं गोलियां, इलाके में दहशत

Suvendu Adhikari PA Murder: पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। चंद्रनाथ रथ की उम्र 42 साल थी। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है, जब वह कोलकाता से अपने घर मध्यमग्राम लौट रहे थे।

स्कॉर्पियो का रास्ता रोककर की गई फायरिंग

रिपोर्ट्स के अनुसार, चंद्रनाथ रथ स्कॉर्पियो गाड़ी में ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे थे। गाड़ी में उनके साथ ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान डोलतला और मध्यमग्राम के बीच पीछे से आई एक कार ने उनकी स्कॉर्पियो को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया।इसके तुरंत बाद एक बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचा और स्कॉर्पियो की बाईं तरफ से लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि 6 से 10 राउंड फायरिंग की गई।

Suvendu Adhikari PA Murder: चंद्रनाथ रथ को लगीं कई गोलियां

हमले में चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां लगीं। इनमें से दो गोलियां उनके सीने को आर-पार कर गईं, जबकि एक गोली पेट में लगी। फायरिंग में ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी घायल हो गए। उन्हें भी गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद हमलावर मौके पर कार छोड़कर बाइक से फरार हो गए। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बुद्धदेब बेरा का इलाज जारी है।

Suvendu Adhikari PA Murder

फोरेंसिक जांच में सामने आए अहम सुराग

फोरेंसिक जांच के शुरुआती इनपुट में सामने आया है कि हमलावरों ने ग्लॉक 47X पिस्टल जैसे आधुनिक हथियार का इस्तेमाल किया था। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे हथियार आम अपराधियों के पास नहीं होते और हमला बेहद प्रोफेशनल तरीके से किया गया।

जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार हमलावर ने हेलमेट पहन रखा था और बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने वह कार भी जब्त कर ली है, जिससे स्कॉर्पियो का रास्ता रोका गया था। हालांकि जांच में सामने आया कि कार पर लगा नंबर प्लेट फर्जी था।

एक घंटे बाद भाजपा कार्यकर्ता पर भी हमला

चंद्रनाथ रथ पर हमले के करीब एक घंटे बाद बशीरहाट जिले में भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय पर भी गोलीबारी की घटना सामने आई। यह हमला रात करीब 12:30 बजे हुआ। रोहित रॉय की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि 4 मई को चुनावी नतीजे आने के बाद राज्य में अब तक पांच लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें तीन लोग भाजपा और दो लोग टीएमसी से जुड़े बताए जा रहे हैं।

मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ को गोलियों से भूना गया
मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ को गोलियों से भूना गया

टीएमसी ने की घटना की निंदा

तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को इस हत्या की कड़ी निंदा की और मामले की अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग की। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

टीएमसी ने कहा कि मध्यग्राम में हुई यह हत्या बेहद दुखद और निंदनीय है। पार्टी ने साथ ही आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों में चुनाव बाद हिंसा की घटनाओं में टीएमसी कार्यकर्ताओं को भी निशाना बनाया गया है।

पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए और दोषियों को जल्द कानून के दायरे में लाना जरूरी है।

सायोनी घोष ने कानून-व्यवस्था पर जताई चिंता

टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने भी इस घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राजनीति और वैचारिक मतभेदों से ऊपर उठकर राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने पुलिस और प्रशासन से हाल के दिनों में हुई सभी हिंसक घटनाओं के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सुकांत मजूमदार विवासिटी अस्पताल पहुंचे
सुकांत मजूमदार विवासिटी अस्पताल पहुंचे

भाजपा ने टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप

बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इस हत्या को तृणमूल कांग्रेस की साजिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद टीएमसी समर्थित लोग हिंसा फैला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने और नई सरकार बनने के बीच राज्य में शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की होती है, लेकिन इसके बावजूद हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं।भट्टाचार्य ने दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष के निजी सहायक की हत्या कर डर का माहौल बनाने की कोशिश की गई है।

सुवेंदु अधिकारी ने बताया सुनियोजित हत्या

सुवेंदु अधिकारी ने चंद्रनाथ रथ की हत्या को पूरी तरह सुनियोजित बताया। उनका कहना है कि हमलावरों ने कई दिनों तक रेकी करने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया।उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि भाजपा राज्य में अपराध और गुंडागर्दी के खिलाफ अभियान चलाएगी।

भाजपा नेता और खड़गपुर सदर से जीते उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा कि लोगों को उम्मीद थी कि अब राज्य में हिंसा और बंदूक की राजनीति खत्म हो जाएगी, लेकिन हालात फिर खराब होते दिखाई दे रहे हैं।उन्होंने कहा कि जो लोग चुनाव के दौरान गड़बड़ी नहीं कर पाए, वे अब हमलों का रास्ता अपना रहे हैं। साथ ही उन्होंने पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

ये भी पढ़ें…मथुरा में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, कारोबारी के घर डकैती करने वाले दो इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments