West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनाने की प्रक्रिया आज यानी शुक्रवार से शुरू हो रही है। कोलकाता में दोपहर 2 बजे बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।
बैठक के दौरान दोनों नेता बीजेपी विधायकों से बातचीत करेंगे और उनकी राय जानेंगे। इसी बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव भी किया जाएगा। नेता चुने जाने के बाद बीजेपी के नेता राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
9 मई को होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह
बीजेपी ने शपथ ग्रहण समारोह को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की है। यह समारोह 9 मई को होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे।
इसके अलावा, देश के करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। पार्टी इसे शक्ति प्रदर्शन और बड़े राजनीतिक आयोजन के रूप में देख रही है।
तमिलनाडु में भी सरकार गठन पर आज खत्म हो सकता है सस्पेंस
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी अनिश्चितता आज खत्म हो सकती है। अभिनेता और नेता जोसेफ विजय चंद्रशेखर की पार्टी TVK ने CPI और CPM नेताओं से मुलाकात की है। इसके बाद संभावना जताई जा रही है कि दोनों वामपंथी दल आज विजय को समर्थन देने का ऐलान कर सकते हैं।
विजय के पास फिलहाल अपनी पार्टी और कांग्रेस को मिलाकर 112 विधायकों का समर्थन है। सरकार बनाने के लिए उन्हें 6 और विधायकों की जरूरत है। लेफ्ट पार्टियों के पास कुल 4 विधायक हैं।
West Bengal Politics: VCK ने समर्थन पर अभी नहीं लिया फैसला
वहीं, VCK पार्टी भी TVK को समर्थन दे सकती है, लेकिन अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। VCK नेता एसएस बालाजी ने कहा कि उनकी पार्टी ने अभी तक TVK को समर्थन देने का निर्णय नहीं लिया है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी तभी समर्थन पर विचार करेगी, जब TVK यह भरोसा दिलाए कि वह BJP या RSS के दबाव में काम नहीं करेगी। बालाजी ने यह भी कहा कि राज्यपाल को TVK प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए।
कोलकाता, पश्चिम बंगाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। pic.twitter.com/yK6KSuamPm
— IANS Hindi (@IANSKhabar) May 8, 2026
केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस में खींचतान
केरल में कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चा और खींचतान जारी है। कांग्रेस हाईकमान ने स्थिति को समझने के लिए AICC पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक और अजय माकन को राज्य भेजा था।दोनों नेताओं ने गुरुवार को कांग्रेस विधायकों से मुलाकात की और नए मुख्यमंत्री को लेकर उनकी राय जानी।
साथ ही, केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान ही करेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस चयन के लिए पूरी स्वतंत्रता हाईकमान को दे दी है।पोस्टर वार को लेकर उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रचार जरूरी नहीं है और नेताओं को इससे दूर रहना चाहिए।
दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचे अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंचने के बाद दक्षिणेश्वर काली मंदिर में दर्शन के लिए रवाना हुए। मंदिर दर्शन के बाद वह बीजेपी विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे।
अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे। उन्हें पश्चिम बंगाल में बीजेपी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है। वह आज होने वाली विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
ये भी पढ़े… योगी सरकार का उपभोक्ता हित में बड़ा कदम, स्मार्ट मीटरों पर लागू किया पोस्टपेड सिस्टम








