Iran US Conflict: संयुक्त अरब अमीरात ने दावा किया है कि ईरान ने उसके खिलाफ दो बैलिस्टिक मिसाइल और तीन ड्रोन दागे। UAE रक्षा मंत्रालय के मुताबिक सभी टारगेट्स को हवा में ही नष्ट कर दिया गया। हमले में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि ईरान की ओर से इस दावे पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इसी बीच, सीजफायर के बावजूद अमेरिका ने ईरान पर दोबारा एयरस्ट्राइक की। अमेरिकी सेना का कहना है कि ईरानी बलों ने उसके जंगी जहाजों पर मिसाइल, ड्रोन और छोटी नावों से हमला किया था, जिसके जवाब में ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।
ट्रम्प की चेतावनी, ईरान का पलटवार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अगर ईरान किसी समझौते पर नहीं पहुंचा, तो अमेरिका आगे भी सैन्य कार्रवाई करेगा। वहीं ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिकी हमलों में सैन्य ठिकानों की बजाय नागरिक इलाकों को निशाना बनाया गया। ईरानी सेना का दावा है कि उसने जवाबी कार्रवाई में होर्मुज स्ट्रेट और चाबहार पोर्ट के पास मौजूद अमेरिकी सैन्य जहाजों को निशाना बनाया।
Iran US Conflict: ‘हमारी मिसाइलें खत्म नहीं हुईं’
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के उस दावे को खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि ईरान का मिसाइल भंडार खत्म हो चुका है। अराघची ने कहा, “अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की जानकारी गलत है। ईरान का मिसाइल रिजर्व 120% पर है और देश अपनी जनता की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।”
Iran US Conflict: 30 दिन के अस्थायी समझौते पर चर्चा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच 30 दिन तक संघर्ष रोकने और होर्मुज स्ट्रेट खोलने को लेकर बातचीत चल रही है। इस दौरान स्थायी समझौते की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
खाड़ी में 1500 जहाज फंसे
संयुक्त राष्ट्र की समुद्री एजेंसी IMO के अनुसार, होर्मुज संकट के कारण खाड़ी क्षेत्र में करीब 1500 जहाज फंसे हुए हैं। इसका असर वैश्विक तेल सप्लाई और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ रहा है। कई देशों में खाद्य संकट गहराने की आशंका भी जताई गई है।
इजराइल-हिजबुल्लाह संघर्ष भी तेज
इजराइल ने दावा किया है कि उसने बेरूत में हिजबुल्लाह के कई बड़े कमांडरों को मार गिराया है। इसके जवाब में हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैन्य ठिकानों पर हमलों का दावा किया।
ईरानी नाविक का शव मिला
अमेरिकी हमले के बाद लापता हुए ईरानी नाविकों में से एक का शव बरामद किया गया है। मिनाब काउंटी के गवर्नर मोहम्मद रदमेहर ने बताया कि बाकी चार नाविकों की तलाश जारी है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, हमले में एक जहाज निशाना बना था, जिसमें कई नाविक घायल भी हुए।
यह भी पढे़ : कौन हैं सुवेंदु अधिकारी? बंगाल की राजनीति का बड़ा चेहरा जानिए सब कुछ








