Shivraj Singh: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश को ग्रामीण विकास, सड़क और आवास योजनाओं की बड़ी सौगात दी है। सीहोर जिले के भेरूंदा में आयोजित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की रजत जयंती समारोह में उन्होंने पीएमजीएसवाई-चतुर्थ चरण का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत कई केंद्रीय और राज्य मंत्री मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्रामीण सड़कों, आवास योजना, किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान किए गए।
मध्य प्रदेश को मिली हजारों करोड़ की सड़क परियोजनाएं
शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के मापदंड में आने वाली मध्य प्रदेश की सभी पात्र सड़कें स्वीकृत की जाएंगी। उन्होंने कहा कि गांव की सड़क सिर्फ रास्ता नहीं बल्कि विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार का माध्यम होती है। कार्यक्रम में राज्य को पीएमजीएसवाई-चतुर्थ चरण के तहत 2117 किलोमीटर लंबाई की 973 सड़कों की मंजूरी दी गई, जिनकी लागत 1763 करोड़ रुपए से अधिक है। इन परियोजनाओं से 987 ग्रामीण बसावटों को लाभ मिलेगा। विदिशा क्षेत्र को भी 259 नई सड़कों की सौगात मिली है।
Shivraj Singh: आवास योजना और ग्रामीण विकास पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 2055 करोड़ रुपए की स्वीकृति मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब परिवार बिना पक्के घर के न रहे। नए सर्वे के आधार पर पात्र परिवारों का सत्यापन कर उन्हें आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है और गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
महिलाओं और किसानों के लिए बड़े संदेश
शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी अभियान को और गति दी जाएगी ताकि ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें। किसानों को लेकर उन्होंने भरोसा दिलाया कि गेहूं खरीदी में किसी भी पात्र किसान के साथ अन्याय नहीं होगा। लंबित सत्यापन कार्य जल्द पूरे किए जाएंगे और किसानों की उपज की खरीदी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने भूमि अधिग्रहण मामलों में भी बेहतर मुआवजा व्यवस्था लाने की बात कही।
Shivraj Singh: पीएमजीएसवाई के 25 वर्ष पूरे होने पर राज्यों का सम्मान
समारोह में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों को सम्मानित भी किया गया। सड़क निर्माण में मध्य प्रदेश को देश में पहला स्थान मिला। गुणवत्ता नियंत्रण और सड़क रखरखाव में भी राज्य को शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ। केंद्रीय मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देता है और शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार तक पहुंच आसान बनाता है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी कहा कि मध्य प्रदेश सरकार केंद्र के साथ मिलकर विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है और जनता की व्यवहारिक मांगों को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।








