Home » अंतरराष्ट्रीय » Nagaland Toxic Liquor: नगालैंड में जहरीली शराब से 19 मौतें, 15 से ज्यादा गिरफ्तार

Nagaland Toxic Liquor: नगालैंड में जहरीली शराब से 19 मौतें, 15 से ज्यादा गिरफ्तार

Nagaland Toxic Liquor:

Nagaland Toxic Liquor: नगालैंड में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, अब तक मोकोकचुंग जिले में 8 और ट्यूएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत हुई है। मामले में पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है और 15 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Nagaland Toxic Liquor: मोकोकचुंग में 8 लोगों की मौत-

मोकोकचुंग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केज़ो ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि 24 सितंबर को मोंगकॉन लाबा सब-डिविजन में मिलावटी शराब पीने से चार लोगों की मौत की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, अब तक 7 लोगों को मिलावटी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को संदेह है कि गिरफ्तार लोग वही शराब बेच रहे थे, जिसे मृतकों ने पिया था। लोगों से सावधानी बरतने और शराब के सेवन से बचने की अपील की गई है।

Nagaland Toxic Liquor: ट्यूएनसांग में 11 लोगों की मौत-

ट्यूएनसांग पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर तक जिले में जहरीली शराब के कारण 9 लोगों की मौत हो चुकी थी। 12 सितंबर को पुलिस को सिविल अस्पताल में हुई मौतों के एक पैटर्न की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, अधिकतर मृतकों ने शराब का सेवन किया था।मामले की जांच के दौरान कई जगह छापेमारी की गई और 470 से ज्यादा संदिग्ध जहरीली शराब की बोतलें जब्त की गईं। इसके बाद ट्यूएनसांग में दो और लोगों की मौत की जानकारी सामने आई, जिससे जिले में मृतकों की संख्या 11 हो गई।

3 हजार से ज्यादा शराब की बोतलें जब्त-

पुलिस के मुताबिक, दोनों जिलों में जारी छापेमारी के दौरान 3 हजार से ज्यादा शराब की बोतलें जब्त की गई हैं और 15 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लोगों से ऐसी शराब का सेवन नहीं करने की अपील की है, जिस पर कोई पहचान या लेबल न लगा हो। पुलिस ने चेतावनी दी है कि शराब पीने के बाद चक्कर आना, धुंधला दिखाई देना या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत अस्पताल पहुंचें।

1990 से नगालैंड में शराब पर प्रतिबंध-

नगालैंड में 1990 से शराब पर प्रतिबंध है। सरकार ने इन मौतों की जांच और संदिग्ध अवैध शराब के स्रोत व सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस आई. बुंगलांग चांग की अगुवाई में एसआईटी गठित की है।

शराब के नमूनों में मिला मेथनॉल-

दीमापुर स्थित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में ट्यूएनसांग पुलिस द्वारा भेजे गए संदिग्ध शराब के नमूनों में मेथनॉल पाया गया है। हालांकि, नमूनों को विस्तृत मात्रात्मक विश्लेषण के लिए गुवाहाटी स्थित सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है।

यह भी पढ़े- एशियन गेम्स 2026: भारत ने कबड्डी में जीता गोल्ड, ईरान को हराया