Odisha news: ओडिशा के नयागढ़ जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां अवैध पत्थर खनन का विरोध करना एक युवक को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। आरोप है कि खनन माफियाओं ने युवक पर इतना बेरहमी से हमला किया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और लोगों में भारी गुस्सा है।
युवक को घेरकर किया हमला
मामला ओडागांव थाना क्षेत्र के कदलीबंध इलाके का है। मृतक की पहचान बिजय मंडप साही निवासी अजीत साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इलाके में लंबे समय से अवैध पत्थर खनन चल रहा था, जिसका स्थानीय लोग लगातार विरोध कर रहे थे। रविवार देर रात कुछ ग्रामीणों ने पत्थर से भरे ट्रकों को रोककर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। आरोप है कि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इसी बीच विवाद बढ़ गया और खदान से जुड़े लोगों ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
Odisha news: जान बचाकर भागे लोग, अजीत फंस गया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई युवक मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन अजीत साहू हमलावरों के हाथ लग गया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। इतना ही नहीं, अजीत का हाथ काट दिए जाने की भी बात सामने आई है। घटनास्थल से खून और कटे हुए अंग मिलने की जानकारी ने पूरे इलाके को हिला दिया।
Odisha news: क्षत-विक्षत हालत में मिला शव
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो अजीत साहू का शव बुरी तरह घायल हालत में मिला। शरीर पर कई गहरे जख्म थे। घटना की खबर फैलते ही सोमवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और नयागढ़-ओडागांव मुख्य सड़क जाम कर दी। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, मृतक परिवार को न्याय और इलाके में चल रहे अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। सड़क जाम की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के मुताबिक अजीत कुमार साहू की हत्या के मामले में उनके पिता सदाशिव साहू की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। मामला बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत दर्ज हुआ है। पुलिस का कहना है कि अजीत और उसका एक साथी देर रात पत्थर लदे दो ट्रकों को रोककर खड़े थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ और फिर हमला कर दिया गया। पुलिस के अनुसार हमले में अजीत का दाहिना हाथ कलाई के पास से कट गया था।
दो आरोपी हिरासत में
Odisha news: घटना के बाद बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। मामले की जांच के लिए वैज्ञानिक टीम की मदद ली जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश में कई टीमें बनाई गई हैं और अब तक दो लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।
ये भी पढ़े: ईरान-इजरायल तनाव का असर भारत पर, सरकार अलर्ट मोड में; ऊर्जा और जरूरी सामानों की सप्लाई पर खास नजर








