Home » हरियाण » पानीपत में बहू के पहनावे से तंग आकर सास-ससुर ने किया सुसाइड, 15 महीने पहले हुई थी लव मैरिज

पानीपत में बहू के पहनावे से तंग आकर सास-ससुर ने किया सुसाइड, 15 महीने पहले हुई थी लव मैरिज

बहू के पहनावे से तंग आकर सास-ससुर का सुसाइड

Haryana News: पानीपत के मतलौडा क्षेत्र के नारा गांव में पारिवारिक कलह ने एक हंसते-खेलते घर को उजाड़ दिया। बहू के साथ लगातार हो रहे विवाद, तनाव और कथित मारपीट से आहत होकर पति-पत्नी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। एक ही घर से जब पति-पत्नी की अर्थियां उठीं तो पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसर गया। मृतकों की पहचान राजेश (46) और उनकी पत्नी सुमन (44) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दोनों पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव में जी रहे थे। उनका आरोप है कि बहू स्नेहा के व्यवहार, रहन-सहन और आए दिन होने वाले झगड़ों ने दंपत्ति को भीतर तक तोड़ दिया था।

पहनावे को लेकर बढ़ता गया विवाद

परिवार के अनुसार, स्नेहा दिल्ली के एक आधुनिक माहौल में पली-बढ़ी थी। जनवरी 2025 में उसकी शादी आशीष से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे गांव के पारंपरिक माहौल और बहू की आधुनिक जीवनशैली के बीच टकराव बढ़ने लगा। बताया जा रहा है कि सास-ससुर बहू के पहनावे, छोटे कपड़ों और सोशल मीडिया पर रील बनाने की आदत पर आपत्ति जताते थे। वे चाहते थे कि बहू गांव की परंपराओं के अनुरूप सूट या साड़ी पहने, जबकि स्नेहा इसे अपनी निजी स्वतंत्रता का मामला मानती थी। यही असहमति धीरे-धीरे गहरे पारिवारिक क्लेश में बदल गई।

बहू के पहनावे को लेकर सास-ससुर उसे टोकते थे, जिसपर वो मारपीट तक करती थी। इसी के बाद दोनों ने सुसाइड कर लिया।

Haryana News: मारपीट के आरोप, बेटे के रवैये ने बढ़ाया दर्द

परिजनों ने आरोप लगाया कि बहू कई बार सास के साथ बदसलूकी और मारपीट करती थी। उनका यह भी कहना है कि इकलौता बेटा आशीष अपने माता-पिता के बजाय पत्नी का पक्ष लेता था। बेटे की बेरुखी और घर के लगातार तनाव ने राजेश और सुमन को अंदर ही अंदर तोड़ दिया। शनिवार दोपहर इसी मुद्दे पर एक बार फिर घर में तीखा विवाद हुआ। आरोप है कि मानसिक रूप से टूट चुके राजेश और सुमन ने इसके बाद सल्फास खा लिया।

अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गए दोनों

तबीयत बिगड़ने पर परिवार उन्हें तुरंत पानीपत के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। राजेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें Post Graduate Institute of Medical Sciences Rohtak रेफर किया गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने भी अंतिम सांस ली। परिजनों के मुताबिक, आशीष और स्नेहा की मुलाकात फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। करीब दो साल तक दोनों रिश्ते में रहे और बाद में परिवार की सहमति से विवाह हुआ। लेकिन यह शादी कुछ ही महीनों में गंभीर पारिवारिक तनाव का कारण बन गई।

इंस्टाग्राम पर युवती ने कई ऐसे रील्स डाले हैं। इसी को लेकर सास-ससुर अक्सर टोकते थे। दावा है कि उसके बाद बहू मारपीट करती थी।

वहीं इस मामले में मतलौडा थाना पुलिस ने मृतक राजेश के भाई रमेश की शिकायत पर बहू स्नेहा, उसके पिता और मां के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। नारा गांव में इस घटना के बाद हर आंख नम है। जिन माता-पिता ने अपने इकलौते बेटे के लिए सपने सजाए थे, वही अंततः टूटे दिल और भारी मन के साथ इस दुनिया से विदा हो गए।

ये भी पढ़े… PM मोदी की अपील पर केजरीवाल का तंज: ‘ऐसा तो देश में पहले कभी नहीं हुआ

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments