Sehore Farmer Kidnapping: मध्य प्रदेश के Sehore में मंगलवार सुबह एक किसान का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। घटना बिलकिसगंज थाना क्षेत्र की है, जहां मंदिर जाने निकले किसान को कुछ नकाबपोश बदमाश जबरन कार में बैठाकर भोपाल की ओर ले गए। अपहृत किसान की पहचान Prem Singh Mewada के रूप में हुई है, जो ढाबला केलवाड़ी गांव के निवासी हैं।
बेटे को कॉल कर बताई अपहरण की बात
परिजनों के मुताबिक सुबह करीब 9:10 बजे प्रेमसिंह ने अपने बेटे जगदीश मेवाड़ा को फोन किया। उन्होंने घबराई आवाज में बताया कि कुछ लोग उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले जा रहे हैं। इसके तुरंत बाद फोन कट गया। सूचना मिलते ही जगदीश अपने भाइयों गुलाब सिंह और विक्रम सिंह के साथ मौके पर पहुंचे।
Sehore Farmer Kidnapping: मजदूरों ने बताया- सफेद कार में आए थे बदमाश
सीहोर-भोपाल हाईवे स्थित राजपूत ढाबे के पास मौजूद मजदूरों ने बताया कि सफेद रंग की कार में आए नकाबपोश बदमाशों ने किसान को जबरदस्ती वाहन में बैठाया और भोपाल की दिशा में फरार हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था।
Sehore Farmer Kidnapping: जमीन विवाद और रंजिश का शक
परिवार ने अपहरण के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की आशंका जताई है। शिकायत में कपिल शर्मा, देव नारायण उर्फ गुड्डा और मनीष परमार के नाम बताए गए हैं। परिजनों का आरोप है कि जमीन के सौदे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी वजह से घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने शुरू की तलाश
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाईवे और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध कार और आरोपियों की पहचान के लिए मोबाइल लोकेशन समेत तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। जिलेभर में नाकेबंदी कर किसान की तलाश तेज कर दी गई है।
गांव में तनाव, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने किसान की सुरक्षित बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।








