Home » राष्ट्रीय » भोपाल में युवक से मारपीट पर भड़का मुस्लिम समुदाय किया प्रदर्शन

भोपाल में युवक से मारपीट पर भड़का मुस्लिम समुदाय किया प्रदर्शन

Mp News:

Mp News: भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र स्थित एक होटल में मुस्लिम युवक के साथ कथित मारपीट और सार्वजनिक अपमान के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में मंगलवार को मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोगों ने शहर में प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मी हमलावरों को रोकने में विफल रहे और मामले में लापरवाही बरती गई।

24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो बंद की चेतावनी

भोपाल शहर के काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में समुदाय के लोगों ने काजियात परिसर में एकत्र होकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो शहरव्यापी बंद बुलाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने घटना में इस्तेमाल की गई कथित आपत्तिजनक भाषा की भी कड़ी निंदा की। काजी नदवी ने कहा कि यह केवल एक युवक पर हमला नहीं, बल्कि सांप्रदायिक सद्भाव और धार्मिक भावनाओं पर भी चोट है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ा है।

Mp News: पुलिस नियंत्रण कक्ष तक निकाला मार्च

प्रदर्शन के बाद समुदाय के लोगों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस नियंत्रण कक्ष तक मार्च निकाला। इस दौरान ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेता मोहसिन अली, कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील भी प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त संजय कुमार को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों से पूछताछ होगी और दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। 

जानकारी के अनुसार रविवार को गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के गौतम नगर स्थित एक होटल में कुछ लोगों ने आरिफ खान नामक युवक को होटल से बाहर खींच लिया था। आरोप है कि युवक पर दूसरे धर्म की महिला के साथ संबंध रखने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की गई और उसके चेहरे पर स्याही तथा गोबर पोत दिया गया। पुलिस के मुताबिक, संबंधित महिला ने बयान दिया है कि वह पिछले पांच वर्षों से युवक के साथ लिव-इन संबंध में थी और अपनी इच्छा से उसके साथ गई थी। मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें…पीएम की अपील के बाद एक्शन में एमपी सरकार, सीएम मोहन यादव ने घटाया काफिला

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments