Breaking News
Home » राष्ट्रीय » उत्तर से दक्षिण तक मौसम का कहर, कहीं तूफान से मौतें, कहीं भीषण गर्मी से लोग परेशान, पूरा देश का हाल बेहाल

उत्तर से दक्षिण तक मौसम का कहर, कहीं तूफान से मौतें, कहीं भीषण गर्मी से लोग परेशान, पूरा देश का हाल बेहाल

Weather Updates: देश में इस समय मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई है। प्रयागराज, अयोध्या समेत 30 जिलों में बुधवार को खराब मौसम के कारण 94 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 17 लोगों की जान प्रयागराज में गई, जबकि भदोही में 16 लोगों की मौत दर्ज की गई। कई इलाकों में करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। बरेली में एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़ गया। कई जगह पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हुए और जानवरों की भी मौत हुई। बांदा में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में लगातार बढ़ रही गर्मी

राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बना हुआ है। बुधवार को लगातार चौथे दिन जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। हालांकि राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।

मध्य प्रदेश के कई जिले हीटवेव की चपेट में

मध्य प्रदेश में भी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राज्य के 25 से ज्यादा जिलों में हीटवेव चल रही है, जो 18 मई तक जारी रह सकती है। बुधवार को खजुराहो में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में रात के समय भी गर्मी ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है।

Weather Updates: हरियाणा में भी बढ़ा तापमान

हरियाणा में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य के पांच शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। नारनौल में सबसे ज्यादा 42.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि हिसार और रोहतक में भी तेज गर्मी रही। मौसम विभाग ने 17 मई से राज्य में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है।

बिहार में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

बिहार के पूर्णिया, कटिहार समेत सात जिलों में आज तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य के बाकी हिस्सों में गर्मी और उमस बनी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश होने की संभावना है। फिलहाल कैमूर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश-बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। पहाड़ी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है और तेज हवाएं चलने की संभावना भी है। वहीं हिमाचल प्रदेश में मई महीने में अब तक सामान्य से 28 प्रतिशत ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। अगले तीन दिनों तक राज्य में मौसम खराब रह सकता है। 17 मई के बाद मौसम साफ होने और गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है।

15 और 16 मई को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 15 मई को राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव चल सकती है। झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी आने की संभावना है। बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, असम, मेघालय, केरल और कर्नाटक में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं 16 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments