PM Modi Netherlands Visit: नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण में शनिवार को नीदरलैंड पहुंचे। प्रधानमंत्री यहां आधिकारिक दौरे पर हैं, जहां वह नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा उनकी मुलाकात नीदरलैंड के किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से भी प्रस्तावित है।
रणनीतिक साझेदारी पर रहेगा जोर
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और नीदरलैंड के बीच रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, जल प्रबंधन, कृषि और स्वास्थ्य जैसे पारंपरिक क्षेत्रों के साथ रक्षा, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा दोनों देशों की बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर बनेगा।
PM Modi Netherlands Visit: भारतीय समुदाय से भी संवाद संभव
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी वहां रह रहे भारतीय समुदाय को भी संबोधित कर सकते हैं। नीदरलैंड में करीब 90 हजार भारतीय और भारतीय मूल के लोग रहते हैं। इसके अलावा सूरीनाम हिंदुस्तानी समुदाय के दो लाख से ज्यादा सदस्य भी वहां मौजूद हैं।
बिजनेस लीडर्स से मुलाकात की संभावना
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री की मुलाकात नीदरलैंड के बड़े उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स से भी हो सकती है। माना जा रहा है कि इस दौरान निवेश, टेक्नोलॉजी और नवाचार के क्षेत्रों में नए सहयोग पर चर्चा होगी।
PM Modi Netherlands Visit: 2017 के बाद दूसरा दौरा
प्रधानमंत्री मोदी का यह दूसरा नीदरलैंड दौरा है। इससे पहले उन्होंने 2017 में वहां की यात्रा की थी। विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) Sibi George ने कहा कि हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच लोगों के संबंध और रणनीतिक सहयोग काफी गहरे हुए हैं। प्रधानमंत्री 17 मई तक नीदरलैंड में रहेंगे। इसके बाद वह अपने बहु-देशीय दौरे के अगले चरण के लिए रवाना होंगे।
ये भी पढ़े… CSK फैंस को बड़ा झटका! LSG ने 7 विकेट से हराकर प्लेऑफ का सपना तोड़ा








