Delhi airport: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कस्टम विभाग ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 48 करोड़ रुपये कीमत का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। यह बरामदगी हाल के वर्षों में देश के किसी भी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई सबसे बड़ी ड्रग्स सीज में से एक बताई जा रही है। कस्टम अधिकारियों ने बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे दो थाई नागरिकों को हिरासत में लिया है। दोनों यात्रियों के सामान से कुल 47.8 किलो हाई-पोटेंसी हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुआ।
ग्रीन चैनल पार करते ही पकड़े गए यात्री
अधिकारियों के मुताबिक दोनों थाई नागरिक 22 मई को बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर ग्रीन चैनल पार करने के बाद कस्टम अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों और पहले से मिली इनपुट के आधार पर उन्हें रोक लिया। सामान की गहन जांच के दौरान अधिकारियों को छह वैक्यूम-सील्ड पैकेट मिले। इनमें से चार पैकेट एक यात्री के बैग से और दो पैकेट दूसरे यात्री के सामान से बरामद किए गए। बताया गया कि एक यात्री के पास से करीब 29 किलो और दूसरे के पास से लगभग 19 किलो गांजा मिला। कुल वजन 47.805 किलोग्राम निकला।
Delhi airport: क्या होता है हाइड्रोपोनिक वीड?
हाइड्रोपोनिक वीड सामान्य गांजे से अलग और ज्यादा खतरनाक माना जाता है। इसे मिट्टी में नहीं बल्कि पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है। आधुनिक तकनीक से तैयार होने की वजह से इसकी गुणवत्ता और नशे की क्षमता काफी ज्यादा होती है। कृषि क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली हाइड्रोपोनिक तकनीक का अब नशे के कारोबार में भी गलत इस्तेमाल होने लगा है।
Delhi airport: कस्टम कमिश्नर ने क्या कहा?
दिल्ली एयरपोर्ट कस्टम कमिश्नर अरविंद सरन ने कहा कि एयरपोर्ट पर ड्रग्स और अन्य प्रतिबंधित सामान की तस्करी रोकने के लिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कस्टम विभाग सोने की तस्करी समेत हर तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है।
जांच एजेंसियां नेटवर्क खंगालने में जुटीं
Delhi airport: फिलहाल दोनों विदेशी नागरिकों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस ड्रग्स सप्लाई के पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है और भारत में यह खेप किस तक पहुंचाई जानी थी।
ये भी पढ़ें: बंगाल में बकरीद की छुट्टी पर बड़ा यू-टर्न, अब सिर्फ 1 दिन बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर








