Falta Result: पश्चिम बंगाल की चर्चित फलता विधानसभा सीट (Falta Seat) पर हुए दोबारा मतदान के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवार देबांशु पांडा (Debangshu Panda) ने वाम मोर्चा समर्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के उम्मीदवार शंभुनाथ कुर्मी को एक लाख से अधिक मतों के अंतर से हराकर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। फलता सीट को तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। इसे अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) के प्रभाव वाले क्षेत्र के रूप में भी देखा जाता है। ऐसे में भाजपा की यह जीत राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भाजपा उम्मीदवार की रिकॉर्ड जीत
मतगणना के अनुसार भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा को एक लाख 49 हजार 666 वोट मिले। वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार शंभुनाथ कुर्मी को 40 हजार 645 मत प्राप्त हुए। इस तरह भाजपा उम्मीदवार ने एक लाख 9 हजार 21 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम राज्य में भाजपा की बढ़ती पकड़ का संकेत है। खास बात यह रही कि मतदान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
Falta Result: तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका
फलता सीट पहले तृणमूल कांग्रेस के कब्जे में थी, लेकिन इस बार पार्टी का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान को केवल 7 हजार 783 वोट मिले। चुनाव से पहले ही उन्होंने दोबारा मतदान में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था, जिसका असर सीधे परिणाम पर दिखाई दिया। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक मोल्ला तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें 10 हजार 84 वोट मिले। फलता सीट पर भाजपा की इस बड़ी जीत को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इस परिणाम के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच सियासी मुकाबला और तेज हो सकता है।








